आईआईटी की तरह आईटीआई छात्रों को भी मिले सम्मान: कौशल दीक्षांत समारोह में बोले पीएम मोदी,हुनर का महत्व बताया
आईआईटी की तरह आईटीआई छात्रों को भी मिले सम्मान: कौशल दीक्षांत समारोह में बोले पीएम मोदी,हुनर का महत्व बताया

21 Nov 2026 |   24



 

लखनऊ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम राजधानी लखनऊ पहुंचे।पीएम मोदी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह शामिल हुए।पीएम मोदी ने एआईटीटी -2026 के राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित किया,इसमें देशभर की आईटीआई के लगभग 1500 प्रशिक्षु शामिल हुए।पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ में राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया।

छात्रों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अंग्रेजों की शिक्षा व्यवस्था ने कौशल को नुकसान पहुंचाया। पीएम मोदी ने कहा कि आज भी जब कोई बच्चा आईटीआई में प्रवेश लेता है तो उनके माता-पिता इस बात को छिपाते हैं, खुलकर बात नहीं करते।पीएम मोदी ने कहा कि अब इस सोच और व्यवस्था को बदलने की जरूरत है। पीएम मोदी ने कहा कि आईआईटी के विद्यार्थियों को जितना सम्मान मिलता है, उतना ही सम्मान आईटीआई छात्रों को भी मिलना चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि हमारे मित्र जयंत चौधरी ने कौशल विकास के इतने बड़े कार्यक्रम के लिए लखनऊ को चुना है।आप लोग पहले ही तालियां बजा चुके हैं, लेकिन मुझे अभी भी कुछ कहना है,मुझे विशेष रूप से खुशी है क्योंकि उत्तर प्रदेश से सांसद होने के नाते,यह मेरे लिए बहुत गर्व की बात है,यह मेरा सौभाग्य है कि उत्तर प्रदेश के सांसद के रूप में मुझे आज देश भर से आए युवा साथियों का स्वागत करने का मौका मिला है।आज आपने अपने जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया है,अब आप सीधे तौर पर राष्ट्र-निर्माण की प्रक्रिया में शामिल होने जा रहे हैं. यह दिन मेरे लिए बहुत मायने रखता है।

पीएम मोदी ने मैकाले की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल किया। पीएम मोदी ने कहा कि जब आक्रमणकारी भारत आए तो सबसे पहले उन्होंने हमारी कारीगरी और कौशल पर प्रहार किया,इसके बाद अंग्रेज आए उन्होंने भी सबसे पहले हमारी कौशल को चोट पहुंचाया।अंग्रेज चतुर थे तो उन्होंने तरीका बदला।पीएम मोदी ने कहा कि मैकाले ने देश के लोगों को ऐसी शिक्षा व्यवस्था थोपी,जिसमें हमारा कौशल सिमटकर केवल कागजी काम करने वाले क्लर्क तैयार करने तक रह गई।अंग्रेजों ने अपने उद्योग को बढ़ावा देने के लिए भारत के कौशल को नष्ट कर दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि आज मैं बंगाल गया था,वहां इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी आईआईटी के कार्यक्रम में था और जिस ऊर्जा,सपनों,उम्मीदों और आकांक्षाओं के साथ मैं आईआईटी के छात्रों के बीच गया था,उसी उत्साह और जोश के साथ मैं आज इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट यानी आईटीआई के छात्रों के बीच आया हूं।पीएम मोदी ने कहा कि आईआईटी हो या आईटीआई मेरे लिए ये मेरे देश की असली संपत्ति हैं,ये मेरे देश की क्षमता हैं और ये मेरे देश का भविष्य हैं। बता दें कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी मौजूद रहे।

More news