बसपा से छिटकता दलित वोट किधर जाएगा, 2027 में भाजपा और सपा की परीक्षा
बसपा से छिटकता दलित वोट किधर जाएगा, 2027 में भाजपा और सपा की परीक्षा

22 Nov 2026 |   27



 

धनंजय सिंह।उत्तर प्रदेश में अब हाथी क्यों नहीं दहाड़ता,हाथी के कदमों से सियासत क्यों नहीं डोलती।एक समय ऐसा था कि यूपी की सियासत में बहुजन समाज पार्टी का दबदबा था। बसपा के चुनावी मैदान में उतरते ही मुकाबले का गणित बदल जाता था। 2007 में बसपा ने अपने दम पर सरकार बनाई थी। बसपा को 30.43 प्रतिशत वोट मिले और 206 सीटों पर जीत का परचम लहराया।यह बसपा का सबसे मजबूत दौर था।मगर अगले 15 साल में तस्वीर पूरी तरह से बदल गई। 2022 विधानसभा चुनाव में बसपा का वोट शेयर घटकर 12.88 प्रतिशत रह गया और विधानसभा में सिर्फ एक विधायक पहुंचा।

आखिर ऐसा क्या हुआ कि यूपी की सत्ता पर काबिज रहने वाली बसपा लगातार कमजोर होती चली गई,बसपा के वोटर किस तरफ चले गए,क्या इसका सबसे ज्यादा फायदा भाजपा को मिला या सपा ने बसपा के कमजोर होते जनाधार में अपनी जगह बनाई।पिछले चार विधानसभा चुनाव 2007, 2012, 2017 और 2022 के नतीजे इन सवालों के कई अहम जवाब देते हैं।

सबसे पहले 2007, 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा,सपा,बसपा और कांग्रेस के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।इन आंकड़ों में सबसे बड़ी कहानी बसपा की है। 2007 में 30.43 प्रतिशत वोट हासिल करने वाली बसपा 2012 में भी लगभग 26 प्रतिशत वोट के साथ 80 सीटें जीतने में सफल रही,लेकिन 2017 में बसपा का वोट शेयर 22.23 प्रतिशत और सीटें घटकर 19 रह गईं। 2022 में बसपा को सिर्फ 12.88 प्रतिशत वोट मिले और एक सीट पर सिमट गई।

दूसरी तरफ भाजपा ने 2012 के 15.21 प्रतिशत वोट से 2017 में 39.67 प्रतिशत तक की छलांग लगाई। 2022 में भी भाजपा का वोट शेयर बढ़कर 41.29 प्रतिशत हो गया। सपा का सफर थोड़ा अलग रहा। 2012 में सरकार बनाने के बाद 2017 में उसे बड़ा झटका लगा,लेकिन 2022 में वापसी करते हुए अपना वोट शेयर 32.06 प्रतिशत तक पहुंचा दिया।

2007 और 2022 के वोट शेयर की तुलना करने पर यूपी की सियासत में आए बदलाव की तस्वीर और साफ हो जाती है। भाजपा और सपा को फायदा हुआ है और बसपा और कांग्रेस का वोट शेयर घटा है।बसपा ने 15 साल में अपने वोट शेयर का 17.55 प्रतिशत अंक गंवाया।इसी अवधि में भाजपा का वोट शेयर 24.32 प्रतिशत अंक बढ़ा।पहली नजर में यह भाजपा के पक्ष में सबसे बड़ा बदलाव दिखता है,लेकिन इससे यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि बसपा का पूरा घटा हुआ वोट भाजपा को चला गया।

सपा का वोट शेयर भी 2007 के मुकाबले 2022 में 6.63 प्रतिशत अंक बढ़ा।कांग्रेस का वोट भी इस दौरान काफी घटा। इसके अलावा हर चुनाव में उम्मीदवार,गठबंधन,स्थानीय समीकरण और वोटिंग के मुद्दे बदलते रहे,इसलिए किसी एक पार्टी के वोट में बढ़ोतरी को दूसरी पार्टी के वोट बैंक का सीधा ट्रांसफर मानना सही नहीं होगा।

चार विधानसभा चुनाव को एक साथ देखने से रुझान तो समझ आता है,लेकिन यह जानना भी जरूरी है कि किस चुनाव में बसपा के कमजोर होने का फायदा किसे मिला। इसके लिए तीन चुनावी दौर को अलग-अलग देखना होगा।
2007 में बसपा ने 30.43 प्रतिशत वोट के साथ 206 सीटें जीती थीं।पांच साल बाद 2012 में बसपा का वोट शेयर घटकर 25.95 प्रतिशत रह गया।यानी 4.48 प्रतिशत अंक की गिरावट।सीटों की संख्या भी 206 से घटकर 80 हो गई।इस चुनाव में सपा का वोट शेयर 25.43 प्रतिशत से बढ़कर 29.29 प्रतिशत हो गया।सपा को 3.86 प्रतिशत अंक का फायदा मिला।सपा की सीटें भी 97 से बढ़कर 224 हो गईं। अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा ने सरकार बनाई।

इस दौर में बसपा के कमजोर होने का सबसे सीधा राजनीतिक फायदा सपा को मिलता दिखाई देता है। 2012 के चुनाव बाद  बसपा के पारंपरिक जाटव वोट में गिरावट का संकेत मिला था। 2007 में 86 प्रतिशत जाटव वोट बसपा के साथ था,जो 2012 में घटकर 62 प्रतिशत रह गया।उस चुनाव में बसपा के दलित वोट में आई गिरावट का फायदा सपा को भी मिला।

मगर यह कहना सही नहीं होगा कि बसपा से निकला हर वोट सपा के पास गया। 2012 में कांग्रेस और कुछ छोटे दलों का वोट भी बढ़ा था।भाजपा का वोट शेयर तो घटा ही था,इसलिए इस दौर में बसपा की कमजोरी का सबसे बड़ा राजनीतिक फायदा सपा को मिला,लेकिन वोटों का बंटवारा कई दलों के बीच हुआ।

2012 के बाद यूपी की सियासत में बड़ा बदलाव हुआ। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 39.67 प्रतिशत वोट हासिल किए और 312 सीटें जीत लीं। 2012 में सिर्फ 15.21 प्रतिशत वोट मिले थे।यानी पांच साल में भाजपा का वोट शेयर 24.46 प्रतिशत अंक बढ़ गया।इस दौरान बसपा का वोट शेयर 25.95 प्रतिशत से घटकर 22.23 प्रतिशत रह गया। सपा का वोट भी 29.29 प्रतिशत से घटकर 21.82 प्रतिशत पर आ गया।यानी इस चुनाव में सिर्फ बसपा ही नहीं बल्कि सपा भी कमजोर हुई।

भाजपा की इस बड़ी जीत के पीछे कई कारण थे। 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा का संगठन यूपी में मजबूत हुआ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता,केंद्र सरकार की योजनाएं,गैर-यादव ओबीसी और गैर-जाटव दलित समुदायों तक पहुंच और हिंदुत्व की सियासत ने भाजपा के सामाजिक आधार को बढ़ाने में भूमिका निभाई।

इस चुनाव को सिर्फ बसपा के वोट घटने से समझना अधूरा होगा।भाजपा ने अपने पुराने वोट बैंक के साथ नए सामाजिक समूहों को भी जोड़ा।दूसरी तरफ सपा-कांग्रेस गठबंधन और बसपा अलग-अलग चुनाव लड़ रही थी।विपक्षी वोटों का बंटवारा भी भाजपा के बड़े फायदे की वजह बना।

2017 से 2022 के बीच बसपा को सबसे बड़ा झटका लगा।बसपा का वोट शेयर 22.23 प्रतिशत से घटकर 12.88 प्रतिशत रह गया।यानी 9.35 प्रतिशत अंक की गिरावट।बसपा 19 सीटों से घटकर सिर्फ एक सीट पर पहुंच गई।इसी अवधि में सपा का वोट शेयर 21.82 प्रतिशत से बढ़कर 32.06 प्रतिशत हो गया,उसे 10.24 प्रतिशत अंक का फायदा मिला। सीटों की संख्या भी 47 से बढ़कर 111 हो गई।भाजपा का वोट शेयर 39.67 प्रतिशत से बढ़कर 41.29 प्रतिशत हुआ। यानी उसे भी 1.62 प्रतिशत अंक का फायदा मिला।इस चुनाव में बसपा के कमजोर होने का फायदा सपा को भी मिला। 2022 में सपा मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी। भाजपा को चुनौती देने के लिए बड़ी संख्या में विपक्षी वोट सपा की तरफ गए।बसपा के कमजोर होने की वजह सिर्फ एक चुनाव या एक मुद्दे में नहीं छिपी है,इसके पीछे सामाजिक समीकरण,नेतृत्व, संगठन,उम्मीदवारों का चयन और दूसरे दलों की रणनीति जैसे कई पहलू हैं।

बसपा की सबसे बड़ी ताकत दलित वोट बैंक रहा है।खास तौर पर जाटव समुदाय लंबे समय तक बसपा के साथ मजबूती से खड़ा रहा,लेकिन पिछले कुछ चुनावों में यह समर्थन पहले जैसा एकतरफा नहीं रहा। 2022 के एक पोस्ट पोल सर्वे में 7,211 मतदाताओं से बातचीत की गई थी।सर्वे के नतीजे बताते हैं कि बसपा को कुल वोटों में करीब 12.9 प्रतिशत समर्थन मिला।यह चुनाव में मिले बसपा के वास्तविक वोट शेयर के करीब था।दलित समुदाय के भीतर भी अलग-अलग समूहों का वोटिंग पैटर्न एक जैसा नहीं रहा। 2022 में आधे से कम दलित मतदाताओं ने बसपा को वोट दिया।एक चौथाई जाटव और करीब आधे गैर-जाटव दलित मतदाताओं का वोट भाजपा की तरफ गया।

इस बदलाव की एक वजह यह भी है कि भाजपा ने गैर-जाटव दलित समुदायों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाई।वहीं सपा ने पीडीए समीकरण के जरिए दलित वोटरों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश की।ऐसे में बसपा के सामने चुनौती सिर्फ अपना पुराना वोट वापस लाने की नहीं है।बसपा को उन वोटरों को भी फिर से भरोसे में लेना होगा,जो अब दूसरे दलों के साथ चले गए हैं।

2027 के विधानसभा चुनाव में बसपा का प्रदर्शन सिर्फ उसकी अपनी सीटों तक सीमित नहीं रहेगा।कई सीटों पर बसपा का वोट जीत-हार का अंतर तय कर सकता है।अगर बसपा मजबूत होती है तो वह भाजपा और सपा दोनों के वोट काट सकती है।अगर बसपा का वोट और घटता है तो उसका फायदा उस उम्मीदवार को मिल सकता है,जो मुकाबले में आगे होगा।यहां एक बात समझना जरूरी है।पूरे प्रदेश में बसपा का वोट एक ही दिशा में नहीं जाएगा।किसी सीट पर बसपा के वोट का नुकसान भाजपा को फायदा पहुंचा सकता है तो दूसरी सीट पर सपा को।जातीय समीकरण,उम्मीदवार की छवि, स्थानीय मुद्दे और मुख्य मुकाबले की स्थिति इसका फैसला करेंगे।

लगातार चुनावी झटकों के बाद बसपा ने संगठन को फिर से मजबूत करने की कोशिश शुरू की है। 2026 में बसपा की गतिविधियों में बूथ,सेक्टर और जिला स्तर पर संगठन की समीक्षा पर जोर दिखाई दिया। जून 2026 में बसपा मुखिया मायावती ने स्थानीय प्रभावशाली नेताओं की पहचान करने और पार्टी छोड़ चुके पुराने नेताओं से संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए थे।ब्राह्मणों के बीच पहुंच बढ़ाने की जिम्मेदारी सतीश चंद्र मिश्रा को और राजपूत समुदाय के बीच संपर्क मजबूत करने की जिम्मेदारी उमाशंकर सिंह को दी गई।संगठन में बदलाव भी किए गए।सितंबर 2026 में मायावती ने संगठन को तीन सेक्टर में बांटने का फैसला किया और यूपी और उत्तराखंड की इकाइयों की जिम्मेदारी अपने पास रखी। नवंबर 2026 में बसपा ने यूपी के सभी 75 जिलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की तैयारियों,बूथ स्तर पर काम और उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा की।

युवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिश भी बसपा की रणनीति का हिस्सा है।आकाश आनंद को फिर से आगे लाने की कवायद को इसी कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है।बसपा के सामने चुनौती यह है कि वह सिर्फ पुराने वोट बैंक के भरोसे न रहे.उसे युवाओं,पिछड़े वर्गों,दलितों और दूसरे सामाजिक समूहों के बीच अपनी राजनीतिक जगह दोबारा बनानी होगी।

चार विधानसभा चुनाव के आंकड़े एक बात साफ करते हैं। बसपा का वोट शेयर लगातार घटा है,लेकिन इस गिरावट का फायदा हर चुनाव में एक ही पार्टी को नहीं मिला। 2012 में सपा ने बसपा की कमजोरी का फायदा उठाया। 2017 में भाजपा ने अपना सामाजिक आधार बढ़ाकर बड़ी जीत हासिल की। 2022 में सपा ने विपक्षी वोटों को अपने पक्ष में करने में कामयाबी पाई।

2007 में 30.43 प्रतिशत वोट और 206 सीटें हासिल करने वाली बसपा 2022 में 12.88 प्रतिशत वोट और सिर्फ एक सीट पर सिमट गई।यह सिर्फ सीटों की हार नहीं है,बल्कि यह बसपा के पुराने सामाजिक समीकरण और संगठन की पकड़ कमजोर होने का संकेत भी है। अब 2027 में बसपा कितना वापसी कर पाती है,यह उसके संगठन,नेतृत्व,उम्मीदवारों और नए सामाजिक गठबंधन पर निर्भर करेगा,लेकिन एक बात तय है यूपी की सियासत में बसपा के वोट का महत्व अब भी बना हुआ है।यह वोट किस तरफ जाएगा,इसका असर भाजपा और सपा दोनों के चुनावी गणित पर पड़ सकता है।

More news