ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ।उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने यूपी की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।योगी सरकार ने 13 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है।प्रयागराज,बरेली,बस्ती और गोरखपुर में नए मंडलायुक्तों की नियुक्ति की गई है।इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण विभागों,विकास प्राधिकरणों और निगमों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
चार मंडलों को मिले नए कमिश्नर
डॉक्टर लोकेश एम. को प्रयागराज मंडल का नया कमिश्नर बनाया गया है।वहीं शम्भू कुमार को बरेली मंडल,वैभव श्रीवास्तव को बस्ती मंडल और इन्द्र विक्रम सिंह को गोरखपुर मंडल का कमिश्नर बनाया गया है।
प्रमुख विभागों में महत्वपूर्ण तैनातियां
योगी सरकार ने सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश का नया श्रमायुक्त नियुक्त किया है,प्रकाश बिन्दु को पीसीएफ का प्रबंध निदेशक बनाया गया है,भूपेन्द्र एस चौधरी को प्रशासनिक सुधार विभाग का सचिव बनाया गया है,संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
प्राधिकरणों और अन्य पदों पर नई नियुक्तियां
पुष्प राज सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है,सतीश पाल को गृह विभाग में विशेष सचिव और डॉ. बलकार सिंह को UPSIDA का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।इसके अलावा रवीन्द्र को राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है और अनिल ढींगड़ा को उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद में आवास आयुक्त बनाया गया है।
बता दें कि बड़े स्तर पर योगी आदित्यनाथ सरकार की तरफ से लगातार आईएएस,आईपीएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादलों का सिलसिला जारी है।आज 13 आईएएस अफसरों के तबादले के बाद आने वाले दिनों में और भी अधिकारियों के तबादले की सूची तैयार है।