प्रयागराज।कुख्यात अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की झांसी में सड़क हादसे में मौत के बाद सियासी हलचल दिखाई दी है।हादसे के बाद अबान का शव प्रयागराज के हटवा गांव लाया गया था जहां अतीक के परिवार से जुड़े लोगों और रिश्तेदारों ने पहुंचकर शोक जताया था।अब अंतिम संस्कार के दो दिन बाद प्रतापगढ़ जिले की रानीगंज विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. आरके वर्मा भी हटवा पहुंचे और परिवार के बीच अपनी संवेदना व्यक्त की।सपा विधायक के पहुंचने से सियासत में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
परिवार से रिश्तों पर क्या बोले आरके वर्मा
माफिया अतीक अहमद के घर पहुंचने को लेकर जब सपा विधायक डॉ. आरके वर्मा से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि राजनीति में होने के कारण उनके अतीक अहमद के परिवार से लंबे समय से संबंध रहे हैं।सपा विधायक ने अपने इस दौरे को शोक संवेदना से जोड़ते हुए अपनी बात रखी, हालांकि सपा विधायक के हटवा पहुंचने के बाद यह चर्चा जरूर शुरू हुई कि क्या समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए अतीक परिवार से जुड़े लोगों के साथ संपर्क बनाए रखने की कोशिश कर रही है।फिलहाल इस तरह के किसी राजनीतिक समीकरण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इमरान प्रतापगढ़ी के नहीं पहुंचने पर भी उठाए सवाल
सपा विधायक डॉ. आरके वर्मा ने कांग्रेस सांसद शायर इमरान प्रतापगढ़ी के अबान अहमद के निधन पर शोक जताने के लिए हटवा नहीं पहुंचने को लेकर भी टिप्पणी की।सपा विधायक ने दावा किया कि एक समय अतीक अहमद ने इमरान प्रतापगढ़ी की मदद की थी।इमरान प्रतापगढ़ी अतीक को मसीहा मानते रहे हैं,ऐसे में अतीक के बेटे की मौत के बाद उन्हें कम से कम दो शब्द शोक संवेदना के लिए जरूर कहने चाहिए थे।सपा विधायक के इस बयान के बाद भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इमरान प्रतापगढ़ी के अतीक अहमद के परिवार से दूरी बनाए रखने की वजह पर भी सपा विधायक डॉक्टर आरके वर्मा ने अपनी राय रखी।सपा विधायक ने कहा,संभव है कि इमरान प्रतापगढ़ी किसी डर की वजह से अतीक के परिवार से दूरी बनाए हुए हों।सपा विधायक ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी पहले भी कई सांसदों को डराकर तोड़फोड़ करती रही है।हो सकता है इमरान प्रतापगढ़ी भी इसी डर के कारण अतीक के परिवार से दूरी बनाए रख रहे हों।
कभी इमराम प्रतापगढ़ी ने ये कहा था अतीक के बारे में
माफिया अतीक अहमद और उनके परिवार के साथ इमरान प्रतापगढ़ी के करीबी रिश्ते जगजाहिर रहे हैं।इमरान प्रतापगढ़ी के पुराने मुशायरों और चुनावी मंचों के कई वीडियो आज भी सोशल मीडिया पर हैं,जिसमें इमरान प्रतापगढ़ी अतीक की शान में कसीदे पढ़ते और उनकी तारीफ करते नजर आते हैं।अतीक के लिए इमरान प्रतापगढ़ी कहा करते थे,इलाहाबाद वालों मेरी एक बात याद रखना,कई सालों तक कोई अतीक अहमद होगा।मुझे इस बात का अंदाज़ा है कि एक शख्स इस शहर में बैठा यही, जो सबकुछ संभाल लेगा।
2027 के चुनाव से जोड़कर देखे जा रहे घटनाक्रम
बता दें कि अबान अहमद की मौत के बाद सपा विधायक डॉक्टर आरके वर्मा का हटवा पहुंचना सूबे की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है।एक तरफ सपा विधायक ने अतीक परिवार से अपने पुराने राजनीतिक संबंधों की बात कही, वहीं दूसरी तरफ उनके बयान के बाद 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।हालांकि सपा विधायक के हटवा जाने को 2027 के चुनाव से जोड़कर किसी प्रत्यक्ष सियासी रणनीति की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।