शामली।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को शामली पहुंचे।सीएम ने विजय सिंह पथिक डिग्री कॉलेज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को 589 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास की बड़ी सौगात दी।सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला।सपा-कांग्रेस को जिन्ना का उपासक बताया।
सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि जो मैंने संकल्प लिया था माफिया को जहन्नुम या जेल पहुंचा के रहेंगे,जब शामली-कैराना आता हूं तो लगता है मेरा संकल्प सार्थक हुआ। सीएम ने कहा कि दस वर्ष पहले तक शामली दहशत का प्रतीक था,जहां कैराना और कांधला से साजिश के तहत डेमोग्राफी बदलने और पलायन कराने का काम होता था। पहले बहन-बेटियां बाहर निकलने से डरती थीं,हत्याएं सरेआम होती थीं और कानून व्यवस्था पूरी तरह बदहाल थी। अब अपराधियों का खौफ खत्म हो चुका है।
धार्मिक आयोजनों पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले जय श्री राम बोलने पर लाठियां-गोलियां चलती थीं और जन्माष्टमी व कांवड़ यात्रा रोकी जाती थी,लेकिन आज सब सेवा में खड़े हैं। सीएम ने कांवड़ियों से अपील की कि वे राम के वंशज और भोलेनाथ के भक्त हैं,इसलिए छोटी बातों पर हुड़दंग न करें। सीएम ने सचेत किया कि कोई गलत तत्व यात्रा को नुकसान पहुंचाए तो उसे कान पकड़कर बाहर कर दें।
सीएम योगी ने कहा कि पहले लोग बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसते थे और विकास ठप्प था।आज शामली विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और दिल्ली-देहरादून,शामली-अंबाला व शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस-वे का त्रिवेणी संगम बन चुका है।शामली अब एनसीआर का हिस्सा बनकर उसी की तर्ज पर विकसित हो रहा है।
बता दें कि सीएम योगी शुक्रवार दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से सीधे पीएसी कैंप पहुंचे,जहां सीएम ने कैंप का गहन निरीक्षण किया और इसके बाद सीधे सभा स्थल के लिए रवाना हुए। सीएम के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य शामली में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और विकास कार्यों को गति देना था,जिसे सीएम ने धरातल पर उतारकर जनता को समर्पित किया।