गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखपुर से प्रदेशव्यापी पौधरोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ करेंगे।इस अभियान के तहत यूपी में एक ही दिन 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सीएम एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत करेंगे पौधरोपण
सीएम योगी रविवार सुबह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास और आरकेबीके के पास ताल रिंग रोड किनारे एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण करेंगे।इस दौरान सीएम प्रदेशवासियों को अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश भी देंगे।
पवित्र त्रिवेणी का करेंगे रोपण
सीएम योगी गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास नीम,पीपल और बरगद की पवित्र त्रिवेणी का पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत करेंगे।इसके बाद ताल रिंग रोड के किनारे मौलश्री का पौधा भी लगाएंगे।
गोरखपुर को मिला 55 लाख से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य
इस बार गोरखपुर जिले को 55 लाख 28 हजार 600 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है।इस महाअभियान में कुल 27 विभागों की भागीदारी रहेगी,इसमें सबसे बड़ी जिम्मेदारी वन विभाग को दी गई है।
गोरखपुर के प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी पौधशालाओं में पर्याप्त और गुणवत्तायुक्त पौधों की व्यवस्था कर ली गई है। पौधरोपण स्थलों पर गड्ढों की खुदाई,उपजाऊ मिट्टी की उपलब्धता,पौध संरक्षण और अन्य आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं,ताकि लगाए गए पौधों की बेहतर देखभाल और उत्तरजीविता सुनिश्चित हो सके।
गोरखपुर में इन विभागों को मिला पौधरोपण का लक्ष्य
विभाग पौधरोपण लक्ष्य
वन विभाग 9,37,000
ग्राम विकास विभाग 18,61,000
कृषि विभाग 5,76,000
उद्यान विभाग 2,85,000
पर्यावरण विभाग 2,38,000
पंचायती राज विभाग 2,02,000
राजस्व विभाग 1,43,000
बता दें कि योगी सरकार का उद्देश्य इस महाअभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना और अधिक से अधिक लोगों को प्रकृति से जोड़ना है।जनभागीदारी से यह अभियान न केवल हरित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को मजबूत करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करेगा।