अखिलेश यादव का सरकार पर बड़ा आरोप,कहा-नौकरी आउटसोर्स करने से कंपनी से कमीशन मिलता है
अखिलेश यादव का सरकार पर बड़ा आरोप,कहा-नौकरी आउटसोर्स करने से कंपनी से कमीशन मिलता है

21 Sep 2026 |   26



 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की।इस दौरान अखिलेश ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर बड़ा हमला बोला।अखिलेश ने कहा कि यूपी में 20 से ज्यादा पेपर लीक हुए,ये पेपर लीक जानबूझकर कराए गए,जिससे कि आउससोर्सिंग को बढ़ावा दे सकें और सरकारी नौकरी न देनी पड़े।आउटसोर्स में कमीशन कंपनी से सीधे मिल जाएगा। सरकारी नौकरी होगी तो बजट से कमीशन नहीं ले पाएंगे।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी ने पहली बार ऑडिट करके पता लगाया था कि यूपी के एक-एक विभाग में आरक्षण की लूट हुई है,एक-एक विभाग में सरकारी नौकरियों में पीडीए समाज के साथ धोखा हुआ,उनका हक,अधिकार छीना गया।हमने बकायदा एक ऑडिट और किताब जारी की थी,जो सबको दिया है। 11 हजार पदों की लूट हो गई।हमने यह भी कहा कि किसी भी एक पन्ने का सरकार जवाब दे दे,लेकिन सरकार ने एक भी पन्ने का जवाब नहीं दिया।

अखिलेश यादव ने कहा कि दूसरा ऑडिट हम लोगों ने पेपर लीक पर किया।देश में बड़े पैमाने पर पेपर लीक हुए हैं।यूपी में 20 से ज्यादा पेपर लीक हो गए।ये जानबूझकर कराया गया ताकि आउटसोर्स को बढ़ावा दे सकें। सरकारी नौकरी न देनी पड़े। सरकारी नौकरी होगी तो बजट से कमीशन नहीं ले पाएंगे।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।कई जगह अज्ञात में एफआईआर दर्ज है,किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। अखिलेश ने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी को रिकॉर्ड सीटों पर जीत मिलेगी। 

अखिलेश यादव ने कहा कि एआई का इस्तेमाल नकारात्मक प्रचार के लिए नहीं होना चाहिए,लेकिन भाजपा यही कर रही है। अखिलेश ने कहा कि सुना है कि बीजेपी ने कोई नया गाना लॉच किया है।इसके बाद स्क्रीन पर एक वीडियो दिखाया गया,जिसमें सपा कार्यकाल की आलोचना की गई थी। इसके बाद अखिलेश ने सपा के समर्थन वाला एक वीडियो भी दिखाया गया,जिसमें भाजपा सरकार की आलोचना की गई थी।

अखिलेश यादव ने कहा कि उनके कार्यकर्ता फ्री में वीडियो बनाते हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा के पास आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं है इसलिए नकारात्मक प्रचार करती है। अखिलेश ने कहा कि सरकार को संविधान की परवाह नहीं है।हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से समय-समय पर सरकार के खिलाफ आब्जर्वेशन दे रहा है। फिर भी सरकार को परवाह नहीं। हमारे कार्यकर्ता इन सारे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे और भविष्य में सपा को ऐतिहासिक जीत दिलाएंगे।

More news