लखनऊ।योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।राजभर ने सपा की एक बैठक में नेताओं के बीच हुए बवाल को लेकर भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।
राजभर ने सोशल मीडिया पर की पोस्ट
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि बैठक चुनावी रणनीति बनाने के लिए बुलाई गई थी,लेकिन वहां नेताओं के बीच आपसी विवाद और मारपीट की स्थिति बन गई।यह घटनाक्रम अखिलेश यादव के सामने हुआ और इसके बाद उन्हें नाराज होकर बैठक छोड़नी पड़ी।राजभर ने दावा किया कि विवाद के बाद एटा और कासगंज की पार्टी इकाइयों को भंग करने की नौबत आई।
कार्यकर्ता की जगह अपराधी भरकर रखेंगे तो क्या होगा
ओपी राजभर ने कहा कि बुलाए थे बैठक और हो गई कुश्ती। अब जब पार्टी में कार्यकर्ता की जगह अपराधी भरकर रखेंगे तो क्या होगा। इसलिए पूर्वजों ने कहा है-बोए पेड़ बबूल का तो आम कहां से होय।राजभर ने कहा कि चुनावी रणनीति को लेकर बुलाई गई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने ही नेताओं का आपस में भिड़ना पार्टी के अनुशासन पर सवाल खड़े करता है।
राजभर ने पीडीए को लेकर साधा निशाना
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले पर भी तंज कसा।राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को अब पीडीए का नया मतलब बताना चाहिए और इसे पैसा,दबंगई और आपसी लड़ाई कहना चाहिए।राजभर ने कहा कि टिकट का बंटवारा अभी हुआ नहीं है,चुनाव आया नहीं है और सत्ता भी नहीं मिली है,लेकिन नेताओं में अभी से पैसे की गर्मी दिखाई देने लगी है।
राजभर ने पहले भी बताया था पीडीए का फुल फॉर्म
बता दें कि इससे पहले ओपी राजभर ने सपा पर निशाना साधते हुए पीडीए का फुल फॉर्म बताया था। राजभर ने दावा किया था कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को हार का सामना करना पड़ेगा। राजभर ने पीडीए का मतलब बताते हुए कहा कि P यानी पहली हार,जो 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा की हार को दर्शाता है। D यानी दूसरी हार, जो 2022 के विधानसभा चुनाव में मिली हार है और A यानी आने वाली हार,जिसका दावा उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर किया।