तेजी से बढ़ा गंगा का जलस्तर,घाट पर चौकियां डूबने से बाढ़ जैसे हालात
तेजी से बढ़ा गंगा का जलस्तर,घाट पर चौकियां डूबने से बाढ़ जैसे हालात

16 Jul 2026 |   31



 

 

कौशांबी।उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब उत्तर प्रदेश में गंगा के जलस्तर पर भी दिखने लगा है।कौशांबी में शक्तिपीठ कड़ा धाम के कालेश्वर और कुबरीघाट पर मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे के बाद गंगा का जलस्तर बढ़ना शुरू हुआ जो बुधवार सुबह तक लगातार बढ़ता रहा।बढ़ते जलस्तर से कुबरी घाट पर श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए आरती घाट का चबूतरा पूरी तरह जलमग्न हो गया, जबकि पक्के घाट की कई सीढ़ियां भी पानी में डूब गईं।

यूपी में बारिश अब तक मानक के अनुरूप नहीं हुई है,लेकिन गंगा में पानी बढ़ने लगा है।उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में हो रही बारिश के पानी से गंगा के जलस्तर में वृद्धि शुरू हो गई है।मंगलवार दोपहर से लेकर बुधवार सुबह करीब आठ बजे तक गंगा के जलस्तर में लगभग डेढ़ मीटर की बढ़ोतरी हुई है। जलस्तर बढ़ने से घाट का आरती स्थल और कई सीढ़ियां पानी में समा गई हैं। यदि पहाड़ी क्षेत्रों और अन्य स्थानों पर लगातार बारिश होती रही तो आने वाले दिनों में गंगा का जलस्तर और तेजी से बढ़ सकता है।

बुधवार सुबह जब पुरोहित और स्थानीय लोग पूजा-अर्चना के लिए घाट पहुंचे तो वहां रखे तख्त और चौकियां पानी में डूबी मिलीं। इसके बाद सभी ने मिलकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। अचानक बढ़े जलस्तर से घाट किनारे रहने वाले लोगों और श्रद्धालुओं में भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोग लगातार गंगा के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं और प्रशासन से भी स्थिति पर निगरानी रखने की मांग कर रहे हैं।

नायब तहसीलदार विनय कुमार ने बताया कि बाढ़ को लेकर तहसील प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।लेखपालों,राजस्व कर्मियों और पुलिस टीम को गंगा के बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जा रही है। त्वरित कार्रवाई दल का भी गठन किया गया है, जो किसी भी विषम परिस्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, आवश्यक राहत उपलब्ध कराने का कार्य करेगा। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

बता दें कि यूपी में अभी बारिश का दौर थमा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार यूपी में बारिश तीन दिन बाद रविवार से होनी है। ऐसे में एक बार फिर गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़ौतरी होनी है।

More news