मायावती ने केंद्र सरकार को दी सलाह,बोलीं जंतर-मंतर से सदन तक टकराव देशहित में नहीं,सरकार दिखाए सूझबूझ
मायावती ने केंद्र सरकार को दी सलाह,बोलीं जंतर-मंतर से सदन तक टकराव देशहित में नहीं,सरकार दिखाए सूझबूझ

20 Jul 2026 |   41



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने केंद्र सरकार को बड़ी सलाह दी है। राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर मायावती ने सरकार से सूझबूझ दिखाने की मांग की है।

टकराव की आशंका जताई

संसद का मानसून सत्र शुरू होने से पहले पूर्व सीएम मायावती ने सोमवार सुबह एक्स पर पोस्ट में जंतर मंतर से लेकर सदन तक टकराव की स्थिति होने की आशंका जताई।मायावती ने सलाह दी है कि बेहतर सूझबूझ से टकराव की स्थिति को टालना चाहिए,यह देश के लिए बिल्कुल सही नहीं होगा।

सीजेपी के साथ मायावती

मायावती ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर कहा कि सरकार को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए,उनके साथ सहानुभूति रखनी चाहिए,तमाम युवा अपना समय निकालकर अपने भविष्य की बेहतरी के लिए वहां पर प्रदर्शन कर रहे हैं,सरकार को उनके प्रति उचित रवैया अपनाते हुए पेपर लीक जैसे मुद्दों में शामिल उच्च स्तर पर बैठे लोगों पर भी कार्रवाई करनी चाहिए।

शिक्षा सुधार की सलाह

मायावती ने कहा कि यूपी,राजस्थान,दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में अच्छे सरकारी स्कूलों और सरकारी स्कूलों में अच्छी पढ़ाई के घोर अभाव में प्राइवेट स्कूल और बड़ी-छोटी कोचिंग संस्थाएं तेजी से पनप रही हैं, उससे यह स्पष्ट है कि देश का युवा वर्ग और उनका परिवार जबरदस्त महंगाई के इस दौर में भी अपना पेट काटकर और अन्य परेशानियों को झेलकर भी अपने स्तर से पूरा जी-जान लगाकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

कोचिंग संस्थानों की निगरानी हो

मायावती ने सरकार से कोचिंग संस्थाओं की निगरानी करने की मांग की है।साथ ही प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षा स्तर पर सम्पूर्ण सरकारी शिक्षा व्यवस्था को हर स्तर पर बेहतर बनाने के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने में भी अपना दायित्व ईमानदारी से निभाने की मांग की। मायावती ने कहा कि अगर इन बातों पर तत्काल जरूरी ध्यान दिया जाए तो जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के हो रहे आन्दोलन जैसी कार्रवाईयों के लिए लोगों में भी ख़ासकर युवा पीढ़ी को बाध्य नहीं होना पड़ेगा।

More news