बलरामपुर।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर दौरे के दूसरे दिन बुधवार को तुलसीपुर में प्रसिद्ध देवी पाटन मंदिर में पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश के सुख और समृद्धि की प्रार्थना की।सीएम ने मंदिर परिसर में स्थित गौशाला का भी दौरा किया।सीएम ने अपनी दिनचर्या और परंपरा के अभिन्न हिस्से गौ सेवा को निभाते हुए गायों और छोटे बछड़ों को दुलारा और अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया।सीएम ने जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की और जिले के विकास कार्यों की जानकारी हासिल की।
बता दें कि गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर होने के नाते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का देवी पाटन मंदिर से गहरा आध्यात्मिक लगाव है।सीएम जब भी यहां आते हैं, तो मां पाटेश्वरी का आशीर्वाद लेने के साथ-साथ गौशाला में समय बिताना और गौ सेवा करना कभी नहीं भूलते। सीएम के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
सीएम योगी ने बलरामपुर सदर विधायक पलटू राम,तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला,जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा,नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू सहित कई जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की।सीएम ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली और साथ ही बाढ़ से बचाव की तैयारियां भी पूछी।