एक फूल दो माली:एक दुल्हन के लिए पहुंच गईं दो बारातें, पुलिस की मौजूदगी में हुआ निकाह,जानें कौन बना शौहर
एक फूल दो माली:एक दुल्हन के लिए पहुंच गईं दो बारातें, पुलिस की मौजूदगी में हुआ निकाह,जानें कौन बना शौहर

13 Apr 2026 |   28



 

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में रविवार को एक फूल दो माली वाली कहावत चरितार्थ हो गयी।कोतवाली क्षेत्र के कैलसा बाईपास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में एक दुल्हन के लिए मुरादाबाद और संभल से दो अलग-अलग बारातें पहुंच गईं।मुरादाबाद के पहले दूल्हे से मंगनी टूटने के बाद लड़की पक्ष ने संभल के दूसरे दूल्हे से उसी तारीख का रिश्ता तय कर लिया था।कार्ड बंटने और तैयारियां पूरी होने से मुरादाबाद वाला दूल्हा भी बारात लेकर पहुंच गया,इससे मौके पर तनाव और कहासुनी शुरू हो गई।सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों पक्षों की बात सुनी और दुल्हन की रजामंदी के आधार पर संभल वाले दूल्हे के साथ निकाह की रस्म पूरी कराई।

जानें क्या है पूरा मामला 

पूरा मामला मुरादाबाद और संभल के दो दूल्हों के बीच फंसा था।लड़की की मंगनी पहले मुरादाबाद के एक रिश्तेदार से हुई थी,लेकिन बाद में दोनों परिवारों के बीच अनबन हो गई।लड़की पक्ष ने इस रिश्ते को खत्म कर संभल के युवक से शादी तय कर ली,चूंकि पुरानी तारीख के कार्ड बंट चुके थे और तैयारी पूरी थी, इसलिए मुरादाबाद का दूल्हा भी अपना हक जताते हुए बारात लेकर बैंक्वेट हॉल पहुंच गया।

पुलिस की मौजूदगी में हुआ निकाह

एक ही समय पर दो बारातियों और दो दूल्हों को देखकर माहौल गरमा गया‌। लड़की पक्ष ने तुरंत पुलिस को फोन कर दिया।मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और तीनों पक्षों को शांत कराया।आखिरकार लड़की की पसंद और रजामंदी को प्राथमिकता दी गई।संभल से आए दूल्हे के साथ निकाह की रस्में सादगी से अदा की गईं और शाम को विदाई हुई।मुरादाबाद वाले दूल्हे को अपनी बारात लेकर बिना दुल्हन ही वापस लौटना पड़ा।

बिना कानूनी कार्रवाई के सुलझा विवाद

इतना बड़ा ड्रामा होने के बाद मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई।तीनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया और पुलिस की मौजूदगी में विवाद निपट गया।फिलहाल पूरे अमरोहा नगर में इस अनोखी शादी और दो दूल्हों की चर्चा जोरों पर है। लोग इसे फिल्मी सीन की तरह देख रहे हैं,जहां अंत में पुलिस ने दखल देकर मामला शांत कराया और दुल्हन अपने तय दूल्हे के साथ विदा हुई।

More news