समसपुर पक्षी विहार से गायब हो गया आरिफ का सारस, अखिलेश ने कहा आंदोलन होगा
समसपुर पक्षी विहार से गायब हो गया आरिफ का सारस, अखिलेश ने कहा आंदोलन होगा

23 Mar 2023 |  119



धनंजय सिंह स्वराज सवेरा एडिटर इन चीफ यूपी

लखनऊ।उत्तर प्रदेश के वीवीआईपी जिले अमेठी से एक युवक के पास से सारस लाकर समसपुर पक्षी विहार में छोड़ा गया था,जो लापता हो गया था।बाद में पता चला कि सारस दूसरे गांव में मिल गया है। वन विभाग के अधिकारी सारस को आरिफ नाम के एक युवक के पास से लाए थे,जिसने इसे घायल होने के बाद पाला था।सारस बुधवार की देर शाम को गायब हो गया था।सारस के गायब होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्वीट कर सरकार को घेरा था।बता दें कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आरिफ और सारस की दोस्ती चर्चा का विषय बन गई थी।

कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं

पक्षी विहार से सारस के गायब होने के बाद कोई भी अधिकारी बोलने के लिए तैयार नहीं था।वन विभाग ने सारस को आरिफ के कब्जे से लेकर रायबरेली के समसपुर पक्षी विहार भेजा था। वन विभाग का दावा है कि सारस को पक्षी विहार भेजने से पहले युवक से रजामंदी ली गई थी, जबकि आरिफ ने इससे इनकार किया है। प्रभागीय वन अधिकारी डी. एन. सिंह ने बुधवार को बताया कि अमेठी के जामो विकास खंड के मंडखा निवासी आरिफ के पास रह रहे सारस को पक्षी विहार में भेजने के लिए विभाग की एक टीम ने उससे मुलाकात कर सहमति ली थी।

पूरी प्रक्रिया की हुई थी वीडियोग्राफी

डी.एन. सिंह ने बताया कि सारस को मंगलवार को रायबरेली के ऊंचाहार समस्तपुर पक्षी विहार भेज दिया गया। उनके मुताबिक इस प्रकिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस बीच आरिफ ने कहा कि वन विभाग की टीम आई और कहा कि ऊपर से आदेश है और हम सारस को लेकर जाएंगे और वे उसे लेकर चले गए। आरिफ ने कहा कि हम किसान आदमी किसी से झगड़ा भी तो नहीं कर सकते। आरिफ ने कहा कि हमने सारस को ले जाने के लिए रजामंदी नहीं दी थी।आरिफ ने कहा कि वह हमारे बच्चे की तरह था, क्या हम उसको ऐसे ही ले जाने देते।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

सारस के गायब होने की खबर मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री सपा मुखिया अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। पूर्व सीएम ने ट्विटर पर कहा कि उप्र वन-विभाग द्वारा अमेठी से जबरदस्ती ले जाकर रायबरेली के समसपुर पक्षी विहार में छोड़ा गया।बहुचर्चित सारस अब लापता है। उप्र के राज्य-पक्षी के प्रति ऐसी सरकारी लापरवाही एक गंभीर विषय है। भाजपा सरकार तत्काल सारस खोजे, नहीं तो पूरी दुनिया के पक्षी-प्रेमी आंदोलन करेंगे। शर्मनाक! मुख्यमंत्री जी चाहें तो लापता सारस का कोई नामकरण भी कर दें,लेकिन उसे ढूंढ़कर उसकी जान जरूर बचाएं। वो सारस भी पूरे उप्र को वैसे ही प्रिय है, जैसे मुख्यमंत्री जी को गोलू। हालांकि बाद में अखिलेश ने ट्वीट कर पक्षी के मिलने की जानकारी दी।

आरिफ को खेत में घायल मिला था सारस

इसके पहले पूर्व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि सारस को समसपुर पक्षी विहार सिर्फ इसलिए भेजा गया,क्योंकि वह 5 मार्च को आरिफ और उस सारस से मुलाकात करने और बधाई देने चले गये थे।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के वीवीआईपी जिले अमेठी के जामो विकास खंड के मंडखा गांव के आरिफ को लगभग एक साल पहले खेत में एक सारस घायल हालत में मिला था। आरिफ उसे अपने घर ले आए थे और उसकी देखभाल की थी। धीरे-धीरे सारस पूरी तरह ठीक हो गया और आरिफ के साथ ही रहने लगा। आरिफ और सारस के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई थी।

More news