रामलला का दर्शन करने 2 महीने में पहुंचे इतने करोड़ रामभक्त,प्रतिदिन उमड़ है रहा सैलाब,जानें आंकड़ा
रामलला का दर्शन करने 2 महीने में पहुंचे इतने करोड़ रामभक्त,प्रतिदिन उमड़ है रहा सैलाब,जानें आंकड़ा

22 Mar 2024 |  61




अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में आज के ही दिन 500 सालों के लंबे संघर्ष के बाद भव्य राम मंदिर में रामलला विराजमान हुए थे।आज रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को दो महीने पूरे हो गए।रामलला जब से राम मंदिर में विराजमान हुए हैं तब से
रामभक्तों का सैलाब उमड़ रहा है।देश दुनिया से प्रतिदिन 2 से 3 लाख राम भक्त रामनगरी पहुंचकर रामलला का दर्शन पूजन कर रहे हैं। रामभक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

22 जनवरी से लेकर 22 मार्च तक लगभग 1 करोड़ 25 लाख रामभक्तों ने रामलला का दर्शन किया। रामभक्तों के मन में ये इच्छा है कि 500 साल के लंबे संघर्ष के बाद रामलला अपने भव्य महल में विराजमान हुए हैं तो रामनगरी पहुंचकर दर्शन पूजन करें।शायद यही वजह है कि देश दुनिया से रामभक्त रामनगरी पहुंचकर रामलला का दर्शन कर धन्य हो रहे हैं।

इसके अलावा रामनगरी में आयोजित होने वाले मुख्य पर्व और त्योहारों पर भी संख्या लाखों में हो जाती है।रामलला के विराजमान होने के बाद देश के ही नहीं, बल्कि विदेशी रामभक्त भी रामनगरी पहुंचकर रामलला का दर्शन पूजन कर रहे हैं।रामभक्तों की बढ़ती हुई संख्या से रामनगरी में रोजगार भी बढ़ रहा है।रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले सूनी रहने वाली दुकानों पर अब ग्राहकों की लंबी लाइन दिखती है।

पर्यटन विभाग के आंकड़ों पर अगर नजर डाली जाए तो 2017 में जब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव की शुरुआत की है. तब से रामनगरी में रामभक्तों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। 2017 में एक करोड़ 78 लाख 57 हजार 858 रामभक्तों ने रामनगरी में दर्शन पूजन किया।इसमें लगभग 25,141 विदेशी रामभक्त भी शामिल थे।इसके अलावा 2018 में एक करोड़ 95 लाख 34 हजार 824 रामभक्तों ने दर्शन पूजन किया। 2019 में 2 करोड़ 4 लाख 63 हजार 403 रामभक्तों ने दर्शन पूजन किया। 2020 में 61 लाख 93 हजार रामभक्त रामनगरी पहुंचे। 2021 में एक करोड़ 57 लाख 43 हजार 359 रामभक्तों ने राम मंदिर में दर्शन पूजन किया। 2022 में यह संख्या 2 करोड़ 21 लाख 12 हजार 402 पहुंच गई। 2023 में यह संख्या लगभग 5 करोड़ 75 लाख के लगभग पहुंच गई। 2024 में जब से रामलला की भव्य राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हुई हैं तब से लेकर अभी तक लगभग 1 करोड़ 25 लाख रामभक्तों ने रामलला का दर्शन पूजन किया है।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कैंप कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता बताते हैं कि जब से प्रभु राम अपने भव्य महल में विराजमान हुए हैं तब से प्रतिदिन 2 से 3 लाख रामभक्त दर्शन पूजन कर रहे हैं। देश विदेश के राम भक्त अयोध्या पहुंच रहे हैं और दर्शन पूजन कर रहे हैं।साथ ही अयोध्या की सुंदरता को देखकर भी वह भाव विभोर हो रहे हैं।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह सपना था कि अयोध्या धार्मिकता के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी आगे बढे।यही वजह है कि जब से प्रभु राम विराजमान हुए हैं तब से लेकर अभी तक लगभग एक करोड़ 25 लाख रामभक्तों ने दर्शन पूजन किया है।

More news