लखनऊ।उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया।कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गयी।यूपी के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का बदला मिजाज देखा।जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली तो वहीं दूसरी ओर सरसों,गेहूं और अन्य फसलों को नुकसान की आशंका से अन्नदाताओं की अन्नदाताओं की चिंता बढ़ गई है।
लखनऊ में सुबह की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई, लेकिन कुछ देर में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया
राजधानी लखनऊ में सुबह की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया।सुबह 9 बजे के बाद आसमान में काले घने बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा हो गया।तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
बाराबंकी में बरसे बदरा
बाराबंकी में भी मौसम का मिजाज तेजी से बदला।सुबह से बादलों की आवाजाही रही। लगभग 10 बजे गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। लगभग 45 मिनट तक हुई झमाझम बारिश से जहां मौसम सुहाना हो गया,वहीं अन्नदाताओं की चिंता बढ़ गई। खेतों में पहले से कटी पड़ी सरसों की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
गोंडा में छा गया घना अंधेरा
गोंडा में सुबह लगभग 10 बजे अचानक घना अंधेरा छा गया और बूंदाबांदी के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। उमरी बेगमगंज इलाके में ओले गिरे। यहां भी सरसों और लाही की फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
अयोध्या में बारिश से बढ़ी अन्नदाताओं की चिंता
अयोध्या में मौसम विभाग की चेतावनी के अनुरूप अलग-अलग क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी और रुक-रुक कर बारिश हुई। सोहावल और मिल्कीपुर में तेज हवाएं चलीं,बीकापुर और रुदौली में बारिश का असर देखने को मिला।फसल कटाई के समय बारिश ने अन्नदाताओं की चिंता बढ़ा दी है।गेहूं,सरसों,आलू और सब्जियों की फसलों को नुकसान का खतरा मंडरा रहा है।
श्रावस्ती-बहराइच में भी तेज हवाओं के साथ बारिश
श्रावस्ती और बहराइच में भी मौसम खराब रहा। झमाझम बारिश और तेज हवाओं से आम,सरसों,अरहर और गेहूं की फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कई जगहों पर फसल गिरने का खतरा भी बढ़ गया है।मौसम के अचानक बदले मिजाज ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं कृषि क्षेत्र में चिंता की स्थिति पैदा कर दी है। यदि मौसम का यही रुख बना रहा, तो अन्नदाताओं को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
इन जिलों के लिए जारी किया गया ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
फतेहपुर,फर्रुखाबाद,कन्नौज,कानपुर देहात,कानपुर नगर, सहारनपुर,शामली,मुजफ्फरनगर,मेरठ,हापुड़,बुलंदशहर, अलीगढ़,मथुरा,हाथरस,कासगंज,एटा,बांदा,आगरा, फिरोजाबाद,मैनपुरी,इटावा,औरैया,बिजनौर,अमरोहा संभल बदायूं,जालौन,हमीरपुर और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है।