पीलीभीत।उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में रसोई गैस की किल्लत न होने का दावा किया जा रहा है,लेकिन उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए गैस एजेंसी का चक्कर लगाना पड़ रहा है।घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा।ऑनलाइन बुकिंग में आ रही दिक्कत और ओटीपी न आने से उपभोक्ता भटकने को मजबूर हैं।ये हाल शहर,जहानाबाद,बीसलपुर, पूरनपुर आदि सभी कस्बों में है। बता दें कि जिले में घरेलू गैस के चार लाख से अधिक उपभोक्ता हैं।वहीं कमर्शियल के उपभोक्ताओं की संख्या 600 से अधिक हैं।
गैस एजेंसी पर उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़
गुरुवार को जहानाबाद की एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ी।काफी देर इंतजार के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिला। उपभोक्ताओं ने बताया कि बुकिंग का ओटीपी ही नहीं आ रहा है।इस वजह से सिलेंडर नहीं मिल रहा।
अफसर कह रहे जल्द ठीक होगा नेटवर्क
बीसलपुर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले कुछ लोगों ने गैस की किल्लत का अनुचित लाभ उठाते हुए गैस के सिलेंडर ब्लैक में बेचे हैं।इस संबंध में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि नेटवर्क की खराबी ऊपर से ही है। उम्मीद है कि बहुत जल्द नेटवर्क सही हो जाएगा। इसके बाद रसोई गैस की बुकिंग होने लगेगी और उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर मिलने लगेंगे।
जानें जिले में कितनी है एजेंसी और इतने हैं उपभोक्ता
जिले में 39 गैस एजेंसी है,6 से अधिक गैस एजेंसी शहर में संचालित हैं,4.68 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं और 678 कामर्शियल गैस उपभोक्ता हैं।
जानें जिला पूर्ति अधिकारी ने क्या बताया
जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की किसी तरह की किल्लत नहीं है। वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए उपभोक्ताओं को ओटीपी के जरिये ही गैस वितरित की जा रही है।बुकिंग में समस्या का पता नहीं चला। 25 दिन बाद दूसरे सिलेंडर की बुकिंग हो रही है। घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों और संभावित अव्यवस्था को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है।बुधवार को पुलिस लाइन में एएसपी विक्रम दहिया ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक की।कहा कि गैस सिलेंडर की किल्लत संबंधी अफवाहें फैल रही हैं। इसे लेकर शासन स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
एएसपी ने संचालकों से कहा कि वे प्रतिदिन गैस सिलेंडरों की रिफिल और उपलब्ध स्टॉक की जानकारी रखें
एएसपी विक्रम दहिया ने संचालकों से कहा कि वे प्रतिदिन गैस सिलिंडरों की रिफिल और उपलब्ध स्टॉक की जानकारी रखें। उपभोक्ताओं को नियमानुसार केवल ओटीपी के माध्यम से ही सिलिंडर उपलब्ध कराया जाए।साथ ही एजेंसी से जुड़े सभी हॉकरों को सख्त निर्देश दिए जाएं कि वे कालाबाजारी, घटतौली या अवैध रिफिलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल न हों।