मुरादाबाद।उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। डिलारी थाना क्षेत्र में एक नई नवेली बहू ने अपने ससुराल वालों की जान जोखिम में डालकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।बहू ने डिनर के बाद आधी रात को पति,सास,ससुर और ननद को नशीला दूध पिलाकर बेहोश कर दिया।जब पूरा परिवार बेसुध हो गया,तब घर में रखी एक लाख रुपये की नकदी और लाखों के जेवर समेटकर अपने पुराने प्रेमी के साथ फरार हो गई।पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बहू और उसके प्रेमी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित पति ने ये बताया
पीड़ित पति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया मेरा निकाह महज एक साल पहले छजलैट थाना क्षेत्र के किरनपुर गांव की युवती के साथ धूमधाम से हुआ था।पति का आरोप है शादी से पहले ही उसकी पत्नी का हरविंदर नामक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था,जो निकाह के बाद भी जारी रहा।पति ने कई बार उसे प्रेमी के साथ पकड़ा और समझाने की कोशिश की,लेकिन पत्नी ने सुधरने के बजाय पूरे परिवार को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
अगले दिन दोपहर में खुला राज
10 मार्च की रात उसने रसोई में रखे दूध में नशीला पदार्थ मिला दिया।दूध पीने के बाद पूरा परिवार गहरी और बेसुध नींद में सो गया,जिसके बाद वह लूटपाट कर फरार हो गई।वारदात के अगले दिन दोपहर तक जब घर में सन्नाटा पसरा रहा, तो पड़ोसियों ने अनहोनी की आशंका में परिजनों को जगाया। होश में आने पर पीड़ित परिवार ने देखा कि घर की अलमारियां खाली थीं और बहू गायब थी।पीड़ित पति का ये भी आरोप है कि उसकी पत्नी उसे अक्सर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दिया करती थी।
पुलिस की कार्रवाई
डिलारी थाना पुलिस ने पीड़ित पति की तहरीर पर आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी हरविंदर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस की विशेष टीमें तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से फरार जोड़े की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।