गौतमबुद्ध नगर।दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल काॅरिडोर के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। काॅरिडोर का एलाइनमेंट तय करने के लिए प्रस्तावित रूट की जानकारी जुटाने के लिए नेशनल हाई स्पीड रेल कारपोरेशन लि.(NHSRCL) ने अधिकारियों से संपर्क किया है।
नोएडा में हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के होंगे दो स्टेशन
गौतमबुद्ध नगर में हाई स्पीड रेल काॅरिडोर के दो स्टेशन प्रस्तावित हैं।इसमें एक स्टेशन नोएडा और दूसरा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर प्रस्तावित है।नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की दिल्ली से कनेक्टिविटी में हाई स्पीड रेल अहम होगी।दिल्ली से एयरपोर्ट तक लगभग 62 किलोमीटर दूरी सिर्फ 21 मिनट में पूरी होगी।यीडा क्षेत्र में हाई स्पीड रेल काॅरिडोर का एलाइनमेंट तय करने के लिए NHSRCL के अधिकारियों ने यीडा के अधिकारियोंं के साथ बैठक कर मास्टर प्लान 2041, क्षेत्र में मौजूदा एवं प्रस्तावित परियोजनाएं खासकर सड़क आदि के अलावा बिजली, पानी, गैस पाइपलाइन आदि की जानकारी ली है।
गंगाजल पाइपलाइन की भी मांगी जानकारी
मथुरा के आगरा के बीच गंगा जल की आपूर्ति के लिए एक्सप्रेसवे के समानांतर 12 मीटर गहराई में पाइपलाइन बिछी हुई है।परियोजना विभाग से इसकी भी जानकारी मांगी गई है। NHSRCL के अधिकारी आगरा में भी जल्द बैठक करेंगे,जिसे में आगरा प्रशासन,नगर निगम,विकास प्राधिकरण, NHAI,लोक निर्माण विभाग,बिजली विभाग समेत विभागों के अधिकारी शामिल हो सकते हैं। यीडा अधिकारियों के मुताबिक हाई स्पीड रेल काॅरिडोर के लिए जानकारी साझा की गई हैं।
800 किमी लंबा है रेल कॉरिडोर
दिल्ली से वाराणसी हाई स्पीड रेल काॅरिडोर लगभग आठ सौ किलोमीटर लंबा है।इसके निर्माण से गौतमबुद्ध नगर में एक और रेलवे कनेक्टिविटी हो जाएगी।अभी दिल्ली हावड़ा रूट से जिले की कनेक्टिविटी है,लेकिन नोएडा,ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र सीधे तौर पर रेल से नहीं जुड़े हैं। नोएडा मेंं सेक्टर 148 और नोएडा एयरपोर्ट में स्टेशन में होगा।एयरपोर्ट स्टेशन भूमिगत होने के साथ ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर से जुड़ेगा। जमीन की उपलब्धता,यात्री क्षमता और डिजाइन पर पहले ही रूपरेखा तैयार हो चुकी है।रेल काॅरिडोर गौतमबुद्ध नगर के अलावा मथुरा,आगरा,इटावा,लखनऊ,रायबरेली,प्रयागराज और भदोही आदि जिलोंं से होकर गुजरेगा।