सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के महमूदाबाद में सीता बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्रा प्राची निगम ने साल 2024 में यूपी बोर्ड की 10वीं की परीक्षा में सीतापुर का नाम रोशन करते हुए पूरे प्रदेश में टॉप किया था।रिजल्ट आने के बाद जब प्राची की फोटो इंटर मीडिया पर वायरल हुई,तो कुछ लोगों ने उनके चेहरे के बालों (मूंछों) को लेकर उनका भद्दा मजाक उड़ाकर ट्रोल किया था। प्राची ने इंटरमीडिएट परीक्षा में भी शानदार प्रदर्शन कर 91.20 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
अंग्रेजी विषयों को छोड़कर प्राची को अन्य सभी विषयों में अच्छे अंक मिले हैं।अंग्रेजी में प्राची के 73 अंक ही आ पाए। गणित में 99, हिंदी में 96, रसायन विज्ञान में 95 और भौतिक विज्ञान में 93 अंक प्राप्त किए हैं। अगर अंग्रेजी में प्राची के 90 प्रतिशत से अधिक अंक आ जाते तो वह एक बार फिर मेरिट में स्थान बनाती।
मजाक उड़ाए जाने पर प्राची ने बहुत ही परिपक्वता से जवाब दिया था।प्राची ने कहा था कि अगर मेरे चेहरे पर बाल न होते तो शायद मैं टॉप न करती। मेरा ध्यान अपनी पढ़ाई पर था, अपने लुक पर नहीं। लोगों का काम कहना है, लेकिन मेरी सफलता मेरी पहचान है।
अब भी प्राची का लक्ष्य बदला नहीं है।प्राची आईआईटी से इंजीनियर बनना चाहती हैं।प्राची इस सपने को पूरा करने की तैयारी में जुटी हुई हैं। जब उनका मजाक उड़ाया गया, तब देश के कई बड़े नामों ने उनके समर्थन में ट्वीट किए थे। प्राची ने बताया कि शक्ल में नहीं अक्ल में विश्वास करती हैं।प्राची ने बताया कि आईआईटी प्रवेश परीक्षा की तैयारी के चलते वह अंग्रेजी विषय पर ज्यादा ध्यान नहीं दे पाई। यही वजह रही कि उनके नंबर कम हो गए।
प्राची को मेरिट लिस्ट में स्थान न बनाने का अफसोस है, लेकिन उनका हौसला कमजोर नहीं है।प्राची ने बताया, उतार-चढ़ाव तो जीवन का हिस्सा है। इंटरमीडिएट के परिणाम को उन्होंने इसी तरह से लिया है। वह पूरी क्षमता के साथ आईआईटी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। वह प्रवेश परीक्षा में टाप करके इंजीनियर बनकर देश सेवा करेंगी।