हरदोई।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश को गंगा एक्सप्रेसवे की सौगात देने जा रहे हैं।पीएम मोदी हरदोई जिले के मल्लावां क्षेत्र में 29 अप्रैल को एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। 2019 कुंभ में हुई कैबिनेट बैठक में गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण का प्रस्ताव पारित हुआ था,इसके बाद पीएम मोदी ने 18 दिसंबर 2021 को शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास किया था।
सीएम योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट गंगा एक्सप्रेसवे...
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस ड्रीम प्रोजेक्ट गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से प्रयागराज और मेरठ के बीच की 594 किलोमीटर की दूरी महज 8 घंटे में पूरी हो जाएगी।एक्सप्रेसवे मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर प्रयागराज के जूड़ापुर दांदू गांव में खत्म होगा।यह एक्सप्रेसवे यूपी के 12 जिलों और 518 गांवों से होकर गुजर रहा है।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
गंगा एक्सप्रेसवे जिन गांवों और शहरों से होकर गुजर रहा है, उन गांवों और शहरों का विकास होगा।खेल नगरी मेरठ से संगम नगरी को जोड़ने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।इस एक्सप्रेसवे से लोग कानपुर और वाराणसी भी जा सकेंगे।एक्सप्रेसवे से उतरकर लोग एन-एच 330 से वाराणसी होते हुए कोलकाता तक भी जा सकते हैं।एक्सप्रेसवे से लोग संगम नगरी के धार्मिक स्थलों के अलावा काशी में भी जा सकते हैं।काशी विश्वनाथ के दर्शन कर सकते हैं तो विंध्य धाम के साथ-साथ चित्रकूट के धार्मिक स्थलों तक पहुंच सकते हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे यूपी का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे है।यह एक्सप्रेसवे यूपी की लाइफ लाइन बनेगा।इस एक्सप्रेसवे से आर्थिक मजबूती आएगी और यूपी को वन ट्रिलियन की इकोनॉमी बनाने में भी मदद मिलेगी।