ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने राजधानी लखनऊ में प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में योगी सरकार पर जमकर हमला बोला।इस दौरान अखिलेश लखनऊ बार काउंसिल चुनाव में जीत दर्ज करने वाले जीतू यादव को बधाई दी।वहीं गाजीपुर की घटना को लेकर योगी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के 100 साल पूरे होने के अवसर पर प्रोफेसर राहत अबरार द्वारा लिखित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। अखिलेश ने कहा कि एएमयू और बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी जैसी संस्थाओं से पढ़े छात्र दुनियाभर में देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
प्रोफेसर राहत अबरार ने इस मौके पर कहा कि सर सैयद अहमद खान का उद्देश्य हिंदू-मुस्लिम एकता को मज़बूत करना था और विश्वविद्यालय के पहले ग्रेजुएट किश्वरी प्रसाद थे,जो हिंदू समुदाय से थे।
अखिलेश यादव ने गाजीपुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सपा के प्रतिनिधिमंडल पर हमला हुआ,लेकिन कार्रवाई पीड़ितों पर ही की जा रही है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि असली दोषियों को बचाया जा रहा है।अखिलेश ने घोषणा की कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल फिर गाजीपुर जाएगा और पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। हरदोई और प्रतापगढ़ की हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए अखिलेश ने योगी सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल उठाए।स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि कल हम पढ़ रहे थे किसी अखबार में,जिसमें लिखा था कि मरीज़ को ले जाते वक्त एंबुलेंस में डीज़ल ख़त्म हो गया,जिसके कारण मरीज़ की जान चली गई। अखिलेश ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था का यह हाल है,स्वास्थ्य व्यवस्था का कब इलाज़ होगा।
किसानों और बुनकरों के मुद्दे पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा और इसके लिए विशेष फंड बनाया जाएगा।बुनकरों के लिए भी योजनाएं लागू की जाएंगी,जैसा कि उनकी सरकार में पहले किया गया था।
भाजपा पर समाज में तनाव फैलाने का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग आग लगाना बंद करें।महिला आरक्षण को लेकर भी भाजपा को घेरते हुए अखिलेश ने कहा कि उनकी अपनी महिला कार्यकर्ता ही सवाल उठा रही हैं कि आरक्षण कब लागू होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने सिर्फ विवेकानंद जी को पढ़ा था, अगर रविंद्र नाथ टैगोर को पढ़ा होता और पता नहीं क्या-क्या बोल देते।
अखिलेश यादव ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को आईपैड देकर सम्मानित किया। अखिलेश ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं देने का वादा किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर वर्ग,किसान,नौजवान,बुनकर के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।