रायबरेली और अमेठी से कौन होगा कांग्रेस प्रत्याशी,अभी तक कांग्रेस ने नहीं खोले पत्ते, 208 नामों का कर चुकी है ऐलान
रायबरेली और अमेठी से कौन होगा कांग्रेस प्रत्याशी,अभी तक कांग्रेस ने नहीं खोले पत्ते, 208 नामों का कर चुकी है ऐलान

28 Mar 2024 |  64





नई दिल्ली।लोकसभा चुनाव को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने प्रत्याशियों की एक और लिस्ट जारी की।इस लिस्ट में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में चार प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा है।महराजगंज से विधायक वीरेंद्र चौधरी को चुनावी मैदान में उतारा है।इस लिस्ट में भी रायबरेली और अमेठी को लेकर कांग्रेस ने पत्ता नहीं खोला है।लंबे समय से इस बात का कयास लग रहा है कि गांधी परिवार की इन पारंपरिक सीटों से कौन चुनाव लड़ेगा।

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव को लेकर बुधवार रात अपनी आठवीं लिस्ट जारी की। कांग्रेस ने 14 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है।इसमें यूपी के चार प्रत्याशी हैं। इसके अलावा कांग्रेस की लिस्ट में झारखंड से तीन, मध्य प्रदेश से तीन और तेलंगाना से चार नाम शामिल हैं।कांग्रेस ने गाजियाबाद से डॉली शर्मा, सीतापुर से नकुल दुबे, महाराजगंज से वीरेन्द्र चौधरी और बुलंदशहर से शिवराम वाल्मीकि को प्रत्याशी बनाया है।

महराजगंज की नौतनवा सीट से विधायक रहे अमनमणि त्रिपाठी की जगह कांग्रेस अपने पुराने कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाया है।इससे पहले कांग्रेस ने बीते शनिवार को यूपी में नौ प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की थी।इसमें वाराणसी से अजय राय को पीएम मोदी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा गया है।इसके अलावा झांसी से प्रदीप जैन प्रत्याशी बनाया गया है।इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस को यूपी में 17 सीटे मिली हैं।

लोकसभा चुनाव के लिए अब तक 208 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कांग्रेस कर चुकी है।इससे पहले कांग्रेस ने सात अलग-अलग लिस्ट जारी करके कुल 194 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे।देश में 18वीं लोकसभा के लिए चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होंगे।इसके बाद छह और चरणों में 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को मतदान होगा। लोकसभा के 543 निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 97 करोड़ पंजीकृत मतदाता 10.5 लाख मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतगणना चार जून को होगी।

More news