ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ। ग्रीन यूपी के तहत उत्तर प्रदेश में जुलाई महीने में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे।इसके लिए 1901 पौधशालाओं में 52.33 करोड़ पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। सभी विभागों द्वारा लगाए जाने वाले पौधे का भी लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है।वन विभाग पौधरोपण महाभियान की तैयारियां तेजी से कर रहा है। पौधरोपण महाभियान 2025 के लिए मिशन निदेशक की जिम्मेदारी अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक/ मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन) दीपक कुमार को सौंपी गई है।
इसके अलावा सभी 18 मंडलों का लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। इन मंडलों में महाभियान की सफलता के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं। लखनऊ मंडल में सबसे अधिक 4 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कानपुर मंडल को 3.13 करोड़ का लक्ष्य दिया गया है। नर्सरियों के माध्यम से 47.27 करोड़ पौधे वन विभाग उपलब्ध कराएगा।सागौन,शीशम आदि के 18.60 करोड़, जबकि अमरूद-आम आदि के 10.79 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। सहजन,नीम आदि के 5.75 करोड़ और पीपल-बरगद के 29 लाख पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने की कवायद की जाएगी।
चित्रकूट 2.76 करोड़,झांसी 2.58 करोड़,मीरजापुर2.27 करोड़,अयोध्या 2.20 करोड़,देवीपाटन 1.95 करोड़,प्रयागराज 1.89 करोड़,बरेली 1.87 करोड़,वाराणसी 1.78 करोड़,मुरादाबाद1.76 करोड़,आगरा1.74 करोड़,गोरखपुर 1.43 करोड़,आजमगढ़ 1.34 करोड़,अलीगढ़ 1.20 करोड़,मेरठ 1.14 करोड़,बस्ती 1.08 करोड़ और सहारनपुर में 88 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।