लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को जल्द नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है।नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।सूत्रों से खबर है कि यूपी भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव तीसरे चरण में होगा।इस चरण में यूपी,गुजरात,कर्नाटक,दिल्ली,हरियाणा समेत नौ राज्यों में एक साथ नए प्रदेश अध्यक्षों का चयन किया जाएगा।
सूत्रों का दावा है कि भाजपा के 37 संगठनात्मक राज्यों में से अब तक 22 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव पूरा हो चुका है।राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के लिए कम से कम 19 राज्यों में चुनाव होना आवश्यक है,लेकिन यूपी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले ही प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव पूरा कर लिया जाएगा।अगले दो दिनों में दूसरे चरण के छह अन्य राज्यों में भी चुनाव कराने की तैयारी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर भाजपा और आरएसएस के बीच अभी मंथन जारी है।सूत्रों का कहना है कि यूपी में नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए ओबीसी या दलित चेहरों पर विचार किया जा रहा है,लेकिन इस मुद्दे पर कुछ असमंजस बना हुआ है।यूपी में नए अध्यक्ष के लिए जिन नामों की चर्चा है,उनमें कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह लोधी और स्वतंत्र देव सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं।यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष का चयन 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया जाएगा।पार्टी आलाकमान का मानना है कि संगठनात्मक मजबूती और रणनीतिक नेतृत्व के लिए यह फैसला महत्वपूर्ण है।सूत्रों का दावा है कि अगले कुछ दिनों में इस प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।