सीएम योगी की चाइनीज मांझे पर सख्ती के बाद ऐक्शन में पुलिस,पतंग की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी 
सीएम योगी की चाइनीज मांझे पर सख्ती के बाद ऐक्शन में पुलिस,पतंग की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी 

05 Feb 2026 |   13



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।सूबे की राजधानी लखनऊ में गुरूवार को हैदरगंज फ्लाईओवर पर चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से बुधवार को एमआर शोएब की दर्दनाक मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले का संज्ञान लिया।सीएम ने प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएम की सख्ती के बाद लखनऊ समेत कई शहरों में चाइनीज मांझे के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है।शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है। बता दें कि यूपी में अब चाइनीज मांझे से मौत को हत्या का मामला माना जाएगा।

डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुराने लखनऊ में कई पतंग की दुकानों पर छापेमारी की। कश्मीरी मोहल्ला समेत आसपास के क्षेत्र में दुकानों की जांच की गई।अब्दुल हामिद की पतंग की दुकान सहित कई प्रतिष्ठानों पर पुलिस ने पहुंचकर चाइनीज मांझे की तलाश की और दुकानदारों को प्रतिबंधित मांझा न बेचने के लिए सख्त चेतावनी दी।अधिकारियों ने दुकानदारों से स्टॉक की जानकारी भी ली और संदिग्ध सामान मिलने पर कार्रवाई की बात कही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चाइनीज मांझा बेहद खतरनाक होता है और इससे कई बार गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।यह मांझा धातु या सिंथेटिक पदार्थों से बना होता है, जिससे लोगों और जानवरों को गंभीर चोट लग सकती है। हाल ही में हुई घटना के बाद प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापक अभियान चला रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इसके बावजूद रोक पर आम लोगों से भी अपील की है कि वे चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करें और यदि कहीं इसकी बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि चाइनीज मांझे के भंडारण और बिक्री पर कड़ी कार्रवाई होगी।

More news