मेरठ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश,बाबा साहेब की मूर्ति को असामाजिक तत्वों ने किया खंडित
मेरठ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश,बाबा साहेब की मूर्ति को असामाजिक तत्वों ने किया खंडित

24 Mar 2026 |   28



 

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लावड़ क्षेत्र के भगवानपुर गांव में माहौल खराब करने की कोशिश का मामला सामने आया है।अज्ञात लोगों ने बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की मूर्ति को खंडित कर दिया,इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

देर रात की घटना

यह घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है।अज्ञात लोगों ने मूर्ति को नुकसान पहुंचाते हुए उसका सिर तोड़कर अपने साथ ले गए।मंगलवार सुबह जैसे ही ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और आक्रोश जताते हुए हंगामा किया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया।पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।ब्लॉक प्रमुख के पति ऋषिपाल भंडारी ने बताया कि यह मूर्ति पूर्व विधायक संगीत सोम द्वारा अपने निजी धन से स्थापित कराई गई थी और इसका अनावरण 30 तारीख को होना था।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं मामले को लेकर गुस्साए ग्रामीण धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

More news