घूंघट से खाकी तक:यूपी में बदल रही बेटियों की तस्वीर, फील्ड में काम करने का दिख रहा जोश
घूंघट से खाकी तक:यूपी में बदल रही बेटियों की तस्वीर, फील्ड में काम करने का दिख रहा जोश

19 Jun 2026 |   24



घूंघट से खाकी तक:यूपी में बदल रही बेटियों की तस्वीर, फील्ड में काम करने का दिख रहा जोश

यूपी में बेटियां अब किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं,पुलिस की कठिन जॉब कर मनवा रहीं लोहा

धनंजय सिंह 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में अभी हाल में कांस्टेबल और समकक्ष के लिए 32679 पदों पर निकाली गई भर्तियों में से बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया।इस परीक्षा में 32 फीसदी लड़कियों और महिलाओं की भागीदारी थी,इसमें कुल 9,24,273 महिला अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।

2003 में 15 लाख महिलाओं ने किया था आवेदन

साल 2003 में भी उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर कांस्टेबल भर्ती निकाली गई थी। 60,244 पदों पर भर्ती निकाली गई थी, 48.17 लाख लोगों ने आवेदन किए थे,इसमें लगभग 15 लाख महिला अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।इस परीक्षा का परिणाम आने के बाद 12048 महिलाएं पुलिस फोर्स में शामिल हुई थीं।

पुलिस फोर्स में भर्ती के लिए लड़कियों-महिलाओं में दिख रहा गज़ब का उत्साह

कांस्टेबल भर्ती में जिस तरह से महिलाओं का प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है,इसको देखकर यह लगता है कि महिलाएं अब डेस्क वर्क और ऑफिस वर्क से आगे निकल कर फील्ड में भी काम करने के लिए तैयार हैं। इसी का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश पुलिस फोर्स में लगातार महिलाओं की संख्या बढ़ रही है।

यूपी पुलिस में 44000 से अधिक महिलाएं

इसी साल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि उत्तर प्रदेश पुलिस में महिलाओं की संख्या बढ़कर 44,000 हो गई है।यूपी में तीन दर्जन से अधिक महिला आईपीएस अधिकारी तैनात हैं।बड़ी संख्या में पीपीएस महिला अधिकारी और इंस्पेक्टर रैंक पर भी महिलाएं अपनी जिम्मेदारी को निभा रही हैं।

अपराध पर भारी यूपी की बेटियां

उत्तर प्रदेश पुलिस फोर्स में सबसे बड़ी महिलाओं की संख्या कांस्टेबल पद पर है।साल 2021-22 में यूपी में निकली सब इंस्पेक्टर भर्ती में भी 25 प्रतिशत आवेदन महिला अभ्यर्थियों ने किया था,जिस तरह से कांस्टेबल भर्ती में महिलाओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया है,इसे सिर्फ पुलिस फोर्स में महिलाओं की बढ़ती हुई संख्या की तस्वीर को ही नहीं साफ हुए, बल्कि पूरे समाज की तस्वीर सामने आई है,जिस तरह से महिलाएं पुलिस फोर्स में शामिल होने के लिए आवेदन कर रही हैं,इससे साफ कहा जा सकता है कि समाज में एक सकारात्मक बदलाव आया है।

पुलिस फोर्स के कठिन जॉब में महिलाएं

इस तरह से देखें तो ये वही समाज है, जहां पर कभी महिलाओं और बच्चियों को पढ़ाई और रोजगार से दूर रखा जाता था और उन्हें सिर्फ घर के कामकाज तक सीमित माना जाता था।अब के आंकड़े बदली हुई तस्वीर दिखा रहे हैं,इससे जो तस्वीर निकल करके सामने आई है,उससे स्पष्ट है कि महिलाएं अब घर से निकल कर रोज़गार करने के लिए परिपक्व हो गई हैं।वे ना सिर्फ रोजगार में,बल्कि अब कठिन जॉब पुलिस फोर्स में भी अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हैं।

पिछले कुछ दशक में पुलिस फोर्स में महिलाओं की बढ़ी भागीदारी 

पिछले कुछ दशक में पुलिस फोर्स में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक बीते एक दशक में पुलिस फोर्स में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ी है।मौजूदा समय में भले ही पुरुषों के मुकाबले महिलाओं का प्रतिशत काफी कम हो,लेकिन जिस गति से महिलाएं पुलिस में शामिल होने के लिए आगे आ रही हैं,ऐसे में आने वाले दिनों में महिलाओं का प्रतिशत पुलिस फोर्स में बढ़ना तय है।

महिलाओं को अब काम करने और बाहर निकालने की मिली आजादी 

बता दें कि महिलाओं को अब काम करने और बाहर निकालने की आजादी मिल गई है।महिलाएं अपने आप को साबित करना चाहती हैं और उन्हें मौका भी मिलना चाहिए।पुलिस फोर्स में नौकरी एक टफ जॉब की तरह मानी जाती है,ऐसे में महिलाएं इसमें शामिल होकर अपने आप को प्रूफ करती हैं।पुलिस फोर्स में नौकरी महिलाओं को आकर्षित करती है। आज भी यूपी में वर्दी का अपना गौरव है,ऐसे में पुलिस की नौकरी के प्रति पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी लालायित रहती हैं।पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं के लिए पुलिस विभाग में नौकरी आसान हो गई है।पुलिस विभाग में कई सकारात्मक बदलाव हुए हैं,जिससे महिलाएं अब आसानी से और सुविधाजनक तरीके से पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दे सकती हैं।

वर्दी का गौरव और सुरक्षा कर रहा आकर्षित

बता दें कि वर्दी का एक गौरव होता है,इसलिए लोग इसके प्रति आकर्षित रहते हैं।वहीं दूसरी ओर कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में यूपी सरकार की ओर से आरक्षण दिया गया है। 20 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को मिलता है,ऐसे में उनको नौकरी पाने में आसानी होती है,इस वजह से भी लगातार महिलाएं पुलिस में शामिल हो रही हैं।वहीं दूसरी ओर पिछले कुछ वर्षों में पुलिस फोर्स में नौकरी को सुरक्षित माना जाता है।थानों पर आप देखिए तो हेल्प डेस्क,पिंक बूथ,पिंक व्हीकल जैसी सुविधा शुरू की गई हैं,ऐसे में मां-बाप को लगता है कि अब उनकी लड़की अगर पुलिस में नौकरी कर रही है तो सुरक्षित रहेगी। सुरक्षित माहौल की वजह से बड़ी संख्या में लोग पुलिस में नौकरी के लिए आ रहे हैं।

More news