आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से टकराई कार, तीन की मौत और पांच घायल,मौत का मंजर देख कांप गई पुलिस 
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से टकराई कार, तीन की मौत और पांच घायल,मौत का मंजर देख कांप गई पुलिस 

01 Jun 2026 |   34



 

फतेहाबाद(आगरा)।आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई,जबकि एक बच्चे सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का आधा हिस्सा कंटेनर में फंसकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने करीब आधे घंटे तक राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला।

कार सवार तीन लोगों की मौत

कार में सवार मोहम्मद सोएब पुत्र मोहम्मद सलीम निवासी सरदारशहर जिला चुरू राजस्थान कार चला रहे था।कार में सवार सभी लोग बिहार से राजस्थान लौट रहे थे।कार में परमिला (31), पूजा कुमारी (32), राजू (35), अयांश (6) सहित कुल आठ लोग सवार थे। सोमवार तड़के जैसे ही लगभग दो बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 36.700 पर पहुंचते ही तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कंटेनर के पिछले हिस्से में पूरी तरह घुस गई। हादसे के बाद कंटेनर चालक करीब 50 मीटर तक कार को घसीटता हुआ ले गया। घटना की जानकारी होने पर चालक कंटेनर छोड़कर मौके से फरार हो गया।सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्र और यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी प्रथम राधा मोहन द्विवेदी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू कराया।

कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए बुलानी पड़ी हाइड्रा मशीन 

कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन बुलानी पड़ी। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया,लेकिन तब तक एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर मौत हो चुकी थी। हादसे में परमिला,राजू,कार चालक सोहेब ,पूजा कुमारी, अयाश  गंभीर रूप से घायल हो गए।जिन्हें सीएचसी फतेहाबाद से प्राथमिकी उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भेजा गया। वहीं पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हुई है जबकि पांच लोग घायल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस फरार कंटेनर चालक की तलाश कर रही है।

More news