ललितपुर।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ललितपुर पहुंचे।सीएम ने तुवन मंदिर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 1766 करोड़ रुपये की 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।इनमें राजकीय मेडिकल कॉलेज समेत कई महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं।
सीएम योगी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित होते देखकर उन्हें बुजुर्गों की एक पुरानी कहावत याद आ गई।सीएम ने कहा कि पूर्वज कहा करते थे,ललितपुर न छोड़ियो,जब तक मिले उधार,लेकिन अब आपको उधार लेने की आवश्यकता नहीं है।सरकार स्वयं आपको ब्याज मुक्त पैसा उपलब्ध करा रही है।
सीएम योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है,जिससे वे अपने व्यवसाय की शुरुआत कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।सीएम ने कहा कि सरकार द्वारा दिए जा रहे ब्याज मुक्त ऋण का उपयोग युवा अपने व्यवसाय को स्थापित करने में करें।समय पर मूल धन वापस करने पर सरकार अतिरिक्त सहयोग भी प्रदान करेगी।सीएम ने कहा कि सरकार जो पैसा दे रही है,उससे अपना व्यवसाय चलाइए।एक समय के बाद मूल पूंजी में भी सरकार सहयोग करेगी। इससे आपका व्यवसाय भी आगे बढ़ेगा और आप सफल उद्यमी के रूप में स्थापित होंगे।
सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि पिछली सरकारों ने बुंदेलखंड को विकास से दूर रखा।संकीर्ण सोच वाली सरकारों ने हर जिले में माफिया पैदा किए,जिन्होंने जनता की गाढ़ी कमाई लूटी, अवैध खनन कराया और युवाओं को रोजगार से वंचित किया। यही कारण था कि बुंदेलखंड के नौजवानों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा।
सीएम योगी ने कहा कि ललितपुर लंबे समय तक सड़क, बिजली,शिक्षा,स्वास्थ्य और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझता रहा।यहां पर्याप्त जल संसाधन होने के बावजूद सिंचाई की सुविधाएं नहीं थीं और महिलाओं को पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।सीएम ने कहा कि आज ललितपुर नवाचार और विकास के लिए जाना जा रहा है।प्रदेश की पहली गोशाला की शुरुआत ललितपुर से हुई थी और अब वहां तैयार होने वाली कंपोस्ट खाद का निर्यात विदेशों तक होने जा रहा है। सीएम ने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज और अटल आवासीय विद्यालय जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू हो चुकी हैं। इसके अलावा 1500 एकड़ भूमि पर उत्तर प्रदेश का पहला फार्मा पार्क स्थापित करने की तैयारी भी पूरी हो चुकी है,जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
सीएम योगी ने कहा कि हर घर जल योजना के जरिए बुंदेलखंड के गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है। साथ ही बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के माध्यम से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिली है। सीएम ने कहा कि सरकार बुंदेलखंड में उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर बसाने की दिशा में काम कर रही है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और पलायन की समस्या समाप्त होगी।