लखनऊ।योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।सोशल मीडिया पर जारी एक लंबे बयान में ओपी राजभर ने सपा पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने और बहुजन समाज के लोगों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। बता दें कि ओपी राजभर के बयान के बाद यूपी की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है।
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें जानकारी है कि सपा समर्थकों का एक वर्ग लाठी को तेल पिला रहा है और दूसरा चाकू-तलवार में धार लगा रहा है।राजभर ने आरोप लगाया कि सपा पिछले करीब 10 वर्षों से सत्ता में वापसी का इंतजार कर रही है और सरकार बनने पर उसके समर्थक प्रदेश में अराजकता फैलाने की कोशिश करेंगे।
ओपी राजभर ने दावा किया कि सपा के शासन में बहुजन समाज की विभिन्न जातियां सबसे अधिक निशाने पर होंगी। राजभर ने पाल,प्रजापति,बिंद,केवट,मल्लाह,राजभर,निषाद, मांझी,दर्जी,तेली,लोनिया,फकीर और बंजारा समाज का उल्लेख करते हुए कहा कि इन समुदायों के लोगों को डराने, उनकी जमीनों पर कब्जा करने और उन्हें प्रताड़ित करने की कोशिश की जाएगी।राजभर ने आरोप लगाया कि सपा समर्थक उनके घरों और खेतों पर नजर गड़ाए हुए हैं और सत्ता बदलने का इंतजार कर रहे हैं।
ओपी राजभर ने अपने बयान में कहा कि बहुजन समाज अब पहले जैसा नहीं रहा और वह किसी भी कीमत पर अपने अधिकारों,जमीन और सम्मान से समझौता नहीं करेगा। राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी को ऐसा मौका नहीं दिया जाएगा कि वह प्रदेश में फिर से अपनी सरकार बना सके।
ओपी राजभर ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। राजभर ने कहा कि सपा वर्ष 2017 में हारी, 2022 में भी पिटी और 2027 में सफाचट कर देंगे। फिलहाल राजभर के इन आरोपों पर सपा या अखिलेश यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।सियासी पंडितों ने इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले तेज होती सियासी बयानबाजी का हिस्सा मान रहे हैं।
बता दें कि इससे पहले कन्नौज की सांसद निधि के खर्च को लेकर भी ओपी राजभर ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जाटव,धानुक,धोबी और लोधियों का हक खाने का आरोप लगाया था।राजभर ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा था,प्रिय राजा बाबू उर्फ अखिलेश जी! इस समय कन्नौज की आपकी सांसद निधि का खर्च पूरे देश में चर्चा का विषय है। विकास के नाम पर आपको सिर्फ सपाई अब्दुल्लों का मोहल्ला ही दिखा, उजाला सिर्फ इन्हीं की गलियों में करना है,जाटव,धानुक, धोबी,लोधी की गलियों को आपने चांद के भरोसे छोड़ दिया। ये सब भी आपके ही लोकसभा क्षेत्र में रहते हैं।