त्योहारी सीजन से पहले महंगी होगी प्याज,हफ्तेभर में 30% बढ़े दाम,बारिश और कम सप्लाई ने बढ़ाई टेंशन
त्योहारी सीजन से पहले महंगी होगी प्याज,हफ्तेभर में 30% बढ़े दाम,बारिश और कम सप्लाई ने बढ़ाई टेंशन

19 Aug 2026 |   29



 

नई दिल्ली।रसोई की रानी प्याज के दाम एक बार फिर रसोई का बजट बिगाड़ सकते हैं।बारिश और कम सप्लाई से पिछले एक सप्ताह में प्याज के दाम लगभग 30 फीसदी बढ़े हैं।खुदरा बाजार में प्याज के दाम 50 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच चुके हैं।ऐसे में त्योहारी सीजन में तेजी से बढ़ते प्याज के दाम टेंशन बढ़ा सकते हैं।हालांकि कीमतों को काबू में करने के लिए सरकार अगले सप्ताह तक बफर स्टॉक से प्याज बेचना शुरु कर सकती है।

एक सप्ताह में 30 फीसदी महंगी हुई प्याज

देश में प्याज की खुदरा कीमतें बढ़कर 40 से 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई हैं।नासिक में देश की सबसे बड़ी थोक प्याज मंड़ी लासलगांव में एक सप्ताह में प्याज 30 फीसदी महंगी हो गई। लासलगांव में प्याज की औसत कीमत 3360 प्रति क्विंटल बोली गई,जबकि अधिकतम दाम 3641 रुपये और न्यूनतम दाम 1000 रुपये प्रति क्विंटल बोली गई।थोक बाजार में अचानक कीमतें बढ़ने का असर खुदरा बाजार में पड़ा है। 

सरकार बफर स्टॉक से बेचेगी प्याज

देश में प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए सरकार अगले सप्ताह से बफर स्टॉक से प्याज बेचना शुरु कर सकती है।हालांकि पिछले साल के मुकाबले इस साल सरकार के पास बफर स्टॉक कम है।नैफेड और एनसीसीएफ के आउटलेट्स और मोबाइल वैन के जरिए सीधे उपभोक्ताओं को रियायती दरों पर प्याज बेचा जा सकता है।सरकार इस बार केवल 15,000 टन प्याज ही खरीद पाई है जबकि लक्ष्‍य 2 लाख टन खरीदने का था।

खुदरा बाजार में प्याज बेचेगी सरकार

पिछले दो सालों में सरकार कीमतों को काबू करने के लिए थोक मंडियों और खुदरा बाजार,दोनों जगहों पर बफर स्‍टॉक का प्‍याज बेचती थी,लेकिन इस बार सीमित बफर स्टॉक होने से रणनीति बदली गई है।सरकार का मानना है कि थोक मंडियों में प्याज जारी करने से बिचौलिए और बड़े व्यापारी इसका फायदा उठा सकते हैं,इसलिए इसे सीधे रिटेल में बेचा जाएगा।रोजाना लगभग 800 टन प्याज बाजार में उतारकर 125 दिनों तक रियायती दर पर प्‍याज बिक्री करने की योजना है।

ज्यादा समय नहीं टिकेगी प्याज की महंगाई

इन दिनों प्याज की सप्लाई कम है।बारिश से प्याज खराब भी ज्यादा हो रही है।साथ ही त्योहारी सीजन नजदीक होने के कारण बाजार मांग भी अच्छी देखने को मिल रही है। जून के बाद से लगातार प्याज की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। सरकार महीने के अंत तक बफर स्टॉक बाजार में उतारने की तैयारी में है,जो लगभग डेढ़ महीने की मांग पूरी कर देगी। इसके बाद सितंबर में महीन में खरीफ वाली प्याज की नई फसलें बाजार में आने लगेंगी,जिसके बाद सप्लाई बढ़ जाएगी। उस दौरान कीमतों में कमी आने का अनुमान लगाया जा रहा है।

More news