60 रुपये किलो तक पहुंचा प्याज का भाव, केंद्र सरकार ने उठाया बड़ा कदम
60 रुपये किलो तक पहुंचा प्याज का भाव, केंद्र सरकार ने उठाया बड़ा कदम

27 Aug 2026 |   29



 

नई दिल्ली।त्योहारी सीजन से पहले चीनी की बढ़ते भाव ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है तो वहीं अब रसोई की रानी प्याज भी महंगी हो गई है।बीते दिनों प्याज का भाव रिटेल मार्केट में लगभग 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी।कीमतों में इस बढ़ोतरी को देखते हुए केंद्र सरकार ने प्याज की उपलब्धता बनाए रखने के लिए कई कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

सरकार ने खोला प्याज का बफर स्टॉक

प्याज के बढ़ते भाव और त्योहारी मांग को देखते हुए केंद्र सरकार ने अपने बफर भंडार से प्याज की सप्लाई शुरू कर दी है। सरकार का कहना है कि आने वाले महीनों में घरेलू मांग को पूरा करने के लिए देश में प्याज का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।मौसम से जुड़े कारणों से कीमतों पर बढ़ रहे दबाव को कम करने के लिए प्याज के बफर स्टॉक को चरणबद्ध तरीके से बाजार में उतारा जा रहा है।

नासिक से रवाना हुई कांदा एक्सप्रेस

प्याज की सप्लाई को बेहतर बनाने के लिए नासिक से पहली कांदा एक्सप्रेस नई दिल्ली के लिए रवाना की गई है।इसके अलावा 10 से ज्यादा जगहों तक प्याज पहुंचाने के लिए 15 से अधिक ट्रकों को भेजने की योजना बनाई गई है।सरकार प्याज की सप्लाई के लिए रेलवे और सड़क परिवहन दोनों का इस्तेमाल कर रही है।इसके लिए हाइब्रिड लॉजिस्टिक्स मॉडल अपनाया जा रहा है ताकि अलग अलग शहरों में समय पर प्याज पहुंचाई जा सके।

35 रुपये किलो में मिलेगी प्याज

केंद्र सरकार ने प्याज की खुदरा बिक्री 35 रुपये प्रति किलो के भाव पर शुरू कर दी है।इसके लिए दिल्ली में NCCF और NAFED के आउटलेट्स के अलावा मोबाइल वैन,सफल और केंद्रीय भंडार के आउटलेट्स का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस कदम को त्योहारों और शादियों के सीजन से पहले उठाया गया है,क्योंकि इस दौरान प्याज की मांग आमतौर पर बढ़ जाती है।

इन शहरों तक पहुंच रही प्याज

फिलहाल नासिक से दिल्ली एनसीआर के लिए प्याज भेजी जा रही है।इसके अलावा चेन्नई,कोलकाता,अर्नाकुलम, गुवाहाटी,वाराणसी,लखनऊ,पटना,चंडीगढ़,जम्मू और अमृतसर जैसे शहरों तक भी प्याज की खेप पहुंचाई जा रही है।प्याज के स्टॉक को रखने के लिए पहली बार सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन को भंडारण एजेंसी बनाया गया है।

26 अगस्त तक ये रहा प्याज का भाव

जानकारी के मुताबिक 26 अगस्त तक देश में प्याज का औसत खुदरा भाव 37.87 रुपये प्रति किलो था। वहीं टमाटर का औसत भाव 38.33 रुपये और आलू का भाव 22.63 रुपये प्रति किलो था।सरकार की कोशिश है कि बफर स्टॉक और बेहतर सप्लाई व्यवस्था के जरिए आने वाले दिनों में प्याज की कीमतों पर नियंत्रण रखा जा सके।

More news