नई दिल्ली।भारतीय शेयर बाजार में नवंबर के दौरान ऐसी तेजी देखने को मिली है,जिसने निवेशकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया है।पिछले कई महीनों से भारतीय बाजार से लगातार पैसा निकाल रहे विदेशी निवेशक अब जमकर खरीदारी कर रहे हैं,इसका असर सेंसेक्स और निफ्टी की चाल पर भी दिख रहा है।हैरानी की बात यह है कि विदेशी निवेशकों ने महज 20 दिनों में 1.16 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा भारतीय शेयर बाजार में लगा दिए हैं।बाजार में अचानक आई इस तेजी के पीछे कौन-कौन से कारण हैं और क्या यह तेजी आगे भी जारी रह सकती है। आइए आसान भाषा में समझते हैं।
नवंबर में शेयर बाजार का शानदार जंप
नवंबर के महीने में शेयर बाजार में शानदार जंप देखने को मिला है। आंकड़ों को देखें तो शेयर बाजार के शुरुआती 10 महीनों में सेंसेक्स को 10,761 अंकों का नुकसान हुआ था। 31 दिसंबर 2025 को सेंसेक्स 85,220 अंकों पर था, जो अक्टूबर के आखिरी कारोबारी दिन 74,459 अंकों पर आ गया,इसका मतलब है कि इस दौरान सेंसेक्स ने निवेशकों को 12.63 फीसदी का नुकसान कराया।वहीं दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के प्रमुख सूचकांक निफ्टी की बात करें तो शुरुआती 10 महीनों में निफ्टी 3,076.5 अंक यानी करीब 12 फीसदी की गिरावट के साथ 26,129.60 अंकों से फिसलकर 23,053.10 अंकों पर आ गया था,लेकिन नवंबर के महीने में सारी कहानी बदलती हुई दिखाई दी।नवंबर के महीने सेंसेक्स ने 9,460.71 अंकों का उछाल देखने को मिल चुका है।नवंबर के महीने में अभी तक सेंसेक्स ने निवेशकों को करीब 13 फीसदी का रिटर्न दिया है।शुक्रवार को सेंसेक्स करीब 900 अंकों की तेजी के साथ 83,919.71 अंकों पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर निफ्टी में भी नवंबर के महीने में 2,747.5 अंकों का उछाल देखने को मिल चुका है,इसका मतलब है कि निफ्टी में करीब 12 फीसदी का उछाल देखने को मिल चुका है, जिसका सबसे बड़ा कारण विदेशी निवेशकों का निवेश है, जिसने 10 महीनों तक करीब 3 लाख करोड़ रुपए की मुनाफावसूली की।वहीं नवंबर के महीने में 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश कर लिया।
विदेशी निवेशकों ने 20 दिनों में कितने पैसे लगाए
विदेशी संस्थागत निवेशकों ने नवंबर में भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड खरीदारी की है।रिपोर्ट के मुताबिक 1 से 20 नवंबर 2026 के बीच विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में कुल 1,22,265 करोड़ रुपए का निवेश किया,इस खरीदारी की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नवंबर के पहले 15 दिनों में ही FIIs ने 84,292 करोड़ रुपए के शेयर खरीद लिए थे,इसके बाद भी लगातार खरीदारी जारी रही। 20 नवंबर को ही विदेशी निवेशकों ने करीब 10,308 करोड़ रुपए की खरीदारी की,इस तरह नवंबर में विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
क्या 10 महीने की पूरी बिकवाली की हो गई भरपाई
इस तेजी को समझने के लिए जनवरी से अक्टूबर 2026 के आंकड़ों पर नजर डालना जरूरी है,इस साल के शुरुआती 10 महीनों में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार से करीब 2,95,149 करोड़ रुपए निकाल लिए थे।लगातार बिकवाली के कारण बाजार पर दबाव बना हुआ था।अब नवंबर में 20 तारीख तक विदेशी निवेशक 1,22,265 करोड़ रुपए वापस लगा चुके हैं।यानी विदेशी निवेशकों ने अपनी कुल बिकवाली का लगभग 40 फीसदी हिस्सा वापस बाजार में लगा दिया है। अभी भी करीब 1,72,880 करोड़ रुपए की बिकवाली की भरपाई बाकी है।
पूरे विश्व में एआई शेयरों को लेकर चिंता
पिछले कुछ समय से अमेरिका,ताइवान और दक्षिण कोरिया जैसे बाजारों में एआई से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में काफी तेजी रही थी,लेकिन एआई कंपनियों की ऊंची वैल्यूएशन और भारी निवेश को लेकर सवाल उठने लगे,ऐसे में वैश्विक निवेशक अपने पोर्टफोलियो में बदलाव कर रहे हैं।कुछ निवेशकों ने एआई आधारित बाजारों से पैसा निकालकर भारत जैसे बाजारों में निवेश बढ़ाया है।भारत में एआई कंपनियों का दबदबा अपेक्षाकृत कम होने के कारण कुछ विदेशी निवेशक इसे अपने पोर्टफोलियो में विविधता लाने के विकल्प के तौर पर देख रहे हैं।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है।जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल महंगा होता है तो भारत का आयात बिल बढ़ता है,इससे महंगाई, रुपए और कंपनियों की लागत पर दबाव पड़ सकता है,इसके उलट कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भारत की अर्थव्यवस्था के लिए राहत लेकर आती है,इससे विदेशी निवेशकों का भरोसा भी बेहतर हो सकता है।नवंबर में क्रूड की कीमतों में नरमी बाजार की तेजी के प्रमुख कारणों में शामिल रही है।
कंपनियों के नतीजों में सुधार
विदेशी निवेशक किसी भी बाजार में पैसा लगाने से पहले कंपनियों की कमाई और भविष्य की संभावनाओं को देखते हैं,भारत में सितंबर तिमाही के कई कंपनियों के नतीजे बेहतर रहे हैं,इससे निवेशकों को उम्मीद मिली है कि कंपनियों की कमाई में सुधार हो सकता है, जब कंपनियों की कमाई बढ़ती है तो उनके शेयरों की वैल्यूएशन को भी समर्थन मिलता है।
रुपए और बाजार के वैल्यूएशन में सुधार
विदेशी निवेशकों के लिए सिर्फ शेयरों में मुनाफा कमाना ही जरूरी नहीं होता,बल्कि रुपए की चाल भी अहम होती है। अगर निवेश के दौरान रुपया कमजोर होता है तो डॉलर में मिलने वाला रिटर्न प्रभावित हो सकता है।नवंबर में रुपए में सुधार और भारतीय शेयरों के वैल्यूएशन में आए बदलाव ने भी विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ाने में भूमिका निभाई है।
विदेशी निवेशकों ने किन सेक्टर्स पर लगाया सबसे ज्यादा पैसा
विदेशी निवेशकों की खरीदारी सभी सेक्टर्स में एक जैसी नहीं रही।नवंबर के पहले 15 दिनों में सबसे ज्यादा पैसा फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में आया।
सेक्टर विदेशी निवेश
फाइनेंशियल सर्विसेज ₹43,102 करोड़
टेलीकॉम ₹7,570 करोड़
ऑटो ₹7,551 करोड़
कंज्यूमर सर्विसेज ₹6,519 करोड़
IT ₹5,080 करोड़
FMCG ₹3,042 करोड़
इस आंकड़े से साफ है कि विदेशी निवेशकों का सबसे ज्यादा भरोसा बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों पर दिखाई दिया,इसके बाद टेलीकॉम और ऑटो सेक्टर में भी अच्छी खरीदारी हुई,इसका मतलब है कि विदेशी निवेशक फिलहाल चुनिंदा बड़े सेक्टर्स और कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहे हैं।
क्या आगे भी जारी रहेगी शेयर बाजार की तेजी
यह सबसे बड़ा सवाल है।नवंबर में विदेशी निवेशकों की रिकॉर्ड खरीदारी ने बाजार को मजबूती जरूर दी है,लेकिन इसे तेजी के स्थायी ट्रेंड की गारंटी नहीं माना जा सकता।
विदेशी निवेशकों की खरीदारी:अगर FIIs लगातार पैसा लगाते रहते हैं तो बाजार को अतिरिक्त समर्थन मिल सकता है।
कंपनियों की कमाई: कंपनियों के नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे तो शेयरों पर दबाव आ सकता है।
कच्चे तेल की कीमतें: क्रूड में दोबारा तेजी भारत की अर्थव्यवस्था और बाजार के लिए चुनौती बन सकती है।
अमेरिकी बाजार और ब्याज दरें: अमेरिका में ब्याज दरों और वैश्विक निवेश के रुझान का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ सकता है।
रुपए की चाल: रुपए में कमजोरी आने पर विदेशी निवेशकों के रिटर्न पर असर पड़ सकता है।
रॉयटर्स की 20 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, विदेशी निवेशकों की रिकॉर्ड खरीदारी के बावजूद बाजार में तेजी को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए कंपनियों की कमाई में लगातार सुधार जरूरी होगा।
निवेशकों को अब क्या समझना चाहिए
नवंबर की तेजी से यह जरूर पता चलता है कि विदेशी निवेशकों का भारतीय बाजार के प्रति नजरिया बदला है,लेकिन सिर्फ FIIs की खरीदारी देखकर शेयर खरीदने का फैसला करना सही नहीं होगा।निवेशकों को यह देखना चाहिए कि बाजार में तेजी कितनी व्यापक है,कंपनियों की कमाई कैसी है और शेयरों की कीमतें उनके वास्तविक प्रदर्शन के मुकाबले कितनी हैं.खासकर छोटे निवेशकों को बाजार में अचानक आई तेजी के पीछे भागने से बचना चाहिए. किसी भी शेयर में निवेश से पहले कंपनी के फंडामेंटल, वैल्यूएशन और अपने निवेश की अवधि को समझना जरूरी है।