दिल्ली के खान मार्केट में दुकान का किराया 18.75 लाख महीना,विश्व के सबसे महंगे बाजारों में मिली जगह
दिल्ली के खान मार्केट में दुकान का किराया 18.75 लाख महीना,विश्व के सबसे महंगे बाजारों में मिली जगह

18 Nov 2026 |   36



 

नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी का मशहूर खान मार्केट एक बार फिर विश्व के सबसे महंगे शॉपिंग बाजारों की लिस्ट में शामिल हो गया है। यहां दुकानों का किराया एक साल में 14 फीसदी बढ़ चुका है। एक हजार वर्ग फुट की दुकान का अनुमानित मासिक किराया करीब 18.75 लाख रुपए बैठता है।खान मार्केट विश्व की सबसे महंगी रिटेल लोकेशन की रैंकिंग में 24वें स्थान पर बना हुआ है।

जानें खान मार्केट में कितना है दुकानों का किराया

खान मार्केट में दुकानों का किराया बढ़कर करीब 1,875 रुपये प्रति वर्ग फुट प्रति महीने पहुंच गया है।डॉलर में यह किराया सालाना 238 डॉलर प्रति वर्ग फुट है।इस हिसाब से खान मार्केट में 1,000 वर्ग फुट की दुकान का किराया करीब 18.75 लाख रुपये प्रति महीने बैठता है। हालांकि, यह औसत दर के आधार पर अनुमान है। वास्तविक किराया दुकान की लोकेशन और अन्य शर्तों के मुताबिक अलग हो सकता है।

विश्व में भारत का इकलौता बाजार

खास बात यह है कि खान मार्केट इस ग्लोबल रैंकिंग में शामिल भारत का इकलौता बाजार है। यह भारत की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली रिटेल स्ट्रीट भी है।वहीं एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के शीर्ष 30 महंगे रिटेल बाजारों में खान मार्केट के अलावा गुरुग्राम का गैलेरिया मार्केट और दिल्ली का कनॉट प्लेस भी शामिल हैं।

विश्व में सबसे महंगा बाजार कौन

न्यूयॉर्क की अपर फिफ्थ एवेन्यू विश्व की सबसे महंगी रिटेल स्ट्रीट बन गई है। यहां दुकानों का सालाना किराया 35 फीसदी बढ़कर 2,700 डॉलर प्रति वर्ग फुट पहुंच गया है। यह बाजार 2025 में तीसरे स्थान पर था।दूसरे स्थान पर लंदन की न्यू बॉन्ड स्ट्रीट है, जहां सालाना किराया 2,230 डॉलर प्रति वर्ग फुट है। तीसरे नंबर पर इटली के मिलान की वाया मोंटेनापोलियोने है, जहां किराया 2,160 डॉलर प्रति वर्ग फुट सालाना है।

More news