दिल्ली-एनसीआर में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी,फुल क्रीम दूध अब 76 रुपए प्रति लीटर,12 नवंबर से लागू होंगी नई दरें
दिल्ली-एनसीआर में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी,फुल क्रीम दूध अब 76 रुपए प्रति लीटर,12 नवंबर से लागू होंगी नई दरें

11 Nov 2026 |   32



 

न‌ई दिल्ली।दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों की जेब पर महंगाई की एक बार फिर मार पड़ी है।दूध की प्रमुख आपूर्तिकर्ता कंपनी मदर डेयरी ने अपने दूध के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिया है।लागत बढ़ने और किसानों को दी जाने वाली खरीद कीमतों में इजाफे का हवाला देते हुए कंपनी ने यह निर्णय लिया है।नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी।

क्या हैं दूध की नई कीमतें

मदर डेयरी द्वारा जारी नई मूल्य सूची के मुताबिक विभिन्न श्रेणियों के दूध के दामों इस प्रकार बढ़ोतरी हुई हैं।फुल क्रीम दूध (पाउच) अब 72 की जगह 76 रुपए प्रति लीटर मिलेगा,टोंड दूध (पाउच) 60 से बढ़कर 62 रुपए प्रति लीटर हो गया है,टोंड दूध (थोक वितरण) 58 से बढ़कर 60 रुपए प्रति लीटर होगा,डबल टोंड दूध 54 से बढ़कर 56 रुपए प्रति लीटर किया गया है।गाय का दूध 62 से बढ़कर 65 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

क्यों बढ़े दूध के दाम

मदर डेयरी के मुताबिक पिछले कुछ महीनों में किसानों से खरीदे जाने वाले कच्चे दूध की कीमतों में लगातार तेजी आई है।कंपनी अपनी बिक्री से होने वाली आय का 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा सीधे किसानों को भुगतान करती है। लागत में हुई इस भारी वृद्धि के चलते कंपनी के लिए पुरानी कीमतों पर दूध बेचना कठिन हो गया था,जिसके चलते मजबूरन यह बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ा है। बता दें कि इससे पहले मदर डेयरी ने इस साल मई में कीमतें बढ़ाई थीं।

मदर डेयरी का बाजार पर प्रभाव

दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में मदर डेयरी दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता है।मदर डेयरी रोजाना लगभग 35 लाख लीटर दूध सिर्फ दिल्ली-एनसीआर में बेचती है,जबकि पूरे देश में मदर डेयरी की कुल बिक्री 50 लाख लीटर प्रतिदिन से अधिक है।मदर डेयरी का पिछले वित्त वर्ष का कारोबार 17 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि के साथ 20,300 करोड़ रुपए तक पहुंच गया था।दूध के अलावा खाद्य तेलों और अन्य डेयरी उत्पादों की मांग में भी कंपनी ने काफी उछाल दर्ज किया है।

किसानों की आय और उपभोक्ता बजट

मदर डेयरी का तर्क है कि खरीद कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा लाभ पशुपालक किसानों को मिलता है,जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है।हालांकि आम उपभोक्ताओं के लिए यह बजट पर एक अतिरिक्त बोझ है।विशेषकर त्योहारी सीजन के बाद। 1974 में स्थापित मदर डेयरी,राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है,जो देश के डेयरी क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के लिए जानी जाती है, लेकिन बार-बार होने वाली ये मूल्य वृद्धियां महंगाई की चिंता को बढ़ा रही हैं।

More news