नई दिल्ली।दीपावली की अगले दिन सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सुबह धुंध और प्रदूषण की मोटी चादर के बीच हुई।सुबह 10 बजे वायु क्वालिटी सूचकांक 372 दर्ज किया गया,जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।शाम 7 बजे तक एक्यूआई घटकर करीब 333 पर पहुंच गया,लेकिन हवा की क्वालिटी बेहद खराब बनी रही।
दीपावली की रात बड़े पैमाने पर पटाखे जलाए जाने के बाद दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ गया।इस बीच वायु क्वालिटी के सरकारी आंकड़ों की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठने लगे हैं।आरोप है कि रविवार रात पटाखों के सबसे ज्यादा इस्तेमाल के दौरान कई प्रदूषण निगरानी केंद्र बंद हो गए थे।
निजी एजेंसियों के आंकड़ों में दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर सरकारी आंकड़ों के मुकाबले कहीं ज्यादा खतरनाक दिखाई दिया। इससे प्रदूषण की निगरानी और आंकड़ों की सटीकता को लेकर बहस शुरू हो गई है।
पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली में प्रदूषण की समस्या केवल दिवाली तक सीमित नहीं है।इससे निपटने के लिए पूरे साल ठोस कदम उठाने होंगे।
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट की कार्यकारी निदेशक (रिसर्च एंड एडवोकेसी) अनुमिता रॉय चौधरी ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की समस्या बार-बार सामने आने की सबसे बड़ी वजह सालभर प्रभावी कार्रवाई का अभाव है।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण से निपटने के लिए बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और स्थायी समाधान खोजने की जरूरत है। पटाखों से बहुत कम समय में बड़ी मात्रा में प्रदूषण फैलता है, जिससे पहले से खराब हवा और ज्यादा जहरीली हो जाती है। दिल्ली के अलावा हरियाणा,पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया। कई जगह एक्यूआई 350 के पार पहुंच गया।
बता दें कि प्रदूषण बढ़ने का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है।दिल्ली-एनसीआर के अस्पतालों में सांस लेने में परेशानी और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में करीब 30 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
दिल्ली के सीके बिरला अस्पताल में पल्मोनोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. विकास मित्तल ने बताया कि अस्पताल में सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं।फोर्टिस फरीदाबाद के पल्मोनोलॉजी निदेशक डॉ. रवि शंकर झा के मुताबिक अस्पतालों में लगातार खांसी,सांस फूलने,गले में जलन और अस्थमा जैसी पुरानी बीमारियों के बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं।उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या भी करीब 10 फीसदी बढ़ी है। हालांकि त्योहार के कारण कई गंभीर मरीज अस्पताल में भर्ती होने से बच रहे हैं,जो उनकी सेहत के लिए ज्यादा खतरनाक हो सकता है।
डॉक्टरों का कहना है कि प्रदूषण का असर केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं है।बच्चे,युवा और मध्यम आयु वर्ग के लोग भी इससे प्रभावित हो रहे हैं।अस्थमा,दिल की बीमारी और फेफड़ों से जुड़ी पुरानी बीमारियों वाले लोगों के लिए जोखिम ज्यादा है।