दीपावली पर जमकर हुई ऑनलाइन शॉपिंग,दीयों के साथ कपड़े और घरेलू सामान की बिक्री भी बढ़ी
दीपावली पर जमकर हुई ऑनलाइन शॉपिंग,दीयों के साथ कपड़े और घरेलू सामान की बिक्री भी बढ़ी

10 Nov 2026 |   26



 

नई दिल्ली।इस साल दिवाली पर लोगों ने सिर्फ मिठाई,दीये और पूजा का सामान ही नहीं खरीदा,बल्कि घर के लिए जरूरी चीजों,किचन के सामान,कपड़ों और गिफ्ट पर भी जमकर पैसे खर्च किए।ऑनलाइन शॉपिंग के आंकड़े बताते हैं कि इस बार दीपावली पर लोगों की खरीदारी का तरीका थोड़ा बदला है।अब लोग त्योहार की तैयारी के साथ-साथ घर के लिए नए अप्लायंसेज,पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स और फैशन से जुड़ी चीजें भी खूब ऑर्डर कर रहे हैं।जेप्टो,स्विगी इंस्टामार्ट और फ्लिपकार्ट मिनट्स जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर दिवाली के दौरान कई प्रोडक्ट्स की बिक्री में जबरदस्त तेजी देखने को मिली।वहीं ऑनलाइन ब्रांड्स की बिक्री से जुड़े आंकड़े भी बताते हैं कि इस बार दीपावली पर लोगों ने पहले से ज्यादा खरीदारी की।

जेप्टो पर 4.68 लाख दीयों के ऑर्डर

दीपावली पर दीयों की मांग हमेशा रहती है,लेकिन इस बार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी इनकी खूब बिक्री हुई।जेप्टो के मुताबिक दीपावली पर उसके प्लेटफॉर्म पर दीयों के 4.68 लाख ऑर्डर आए।इसके अलावा पहने जाने वाले कपड़ों की डिमांड पिछले साल के मुकाबले दोगुनी हो गई। फूलों और मालाओं के ऑर्डर 2.5 गुना बढ़े,जबकि फेस्टिव गिफ्ट हैंपर की बिक्री तीन गुना हो गई।इन आंकड़ों से साफ है कि लोग अब त्योहार से जुड़ी ज्यादातर चीजें ऑनलाइन ही मंगाने लगे हैं। पूजा के सामान से लेकर सजावट और गिफ्ट तक, हर तरह के प्रोडक्ट्स की डिमांड बढ़ रही है।

स्विगी इंस्टामार्ट पर पार्टी के सामान की बिक्री 162% बढ़ी

स्विगी इंस्टामार्ट पर भी दीपावली के दौरान खरीदारी का अच्छा माहौल रहा।प्लेटफॉर्म के मुताबिक़ पार्टी की तैयारी से जुड़े सामान के ऑर्डर पिछले साल के मुकाबले 162 फीसदी बढ़ गए।वहीं नमकीन,चिप्स और दूसरे स्नैक्स के ऑर्डर में 42 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।खास बात यह रही कि इस बार सिर्फ दिल्ली,मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में ही नहीं, बल्कि छोटे शहरों में भी ऑनलाइन शॉपिंग का जोर दिखा।
रायपुर,मदुरै,गुवाहाटी,त्रिशूर और कोल्लम जैसे शहर त्योहार के दौरान खरीदारी के मामले में प्रमुख शहरों के तौर पर उभरे।

फ्लिपकार्ट मिनट्स पर सजावट के सामान की डिमांड दोगुनी

फ्लिपकार्ट मिनट्स पर भी दीपावली से जुड़ी चीजों की खूब बिक्री हुई।प्लेटफॉर्म के मुताबिक 6 से 8 नवंबर के बीच दीयों, लालटेन और राइस लाइट्स के ऑर्डर उससे पिछले तीन दिनों के मुकाबले दोगुने हो गए।वहीं मोमबत्तियों,तोरण और डिफ्यूजर सेट की डिमांड तीन गुना बढ़ गई।धनतेरस के मौके पर गिफ्ट देने के लिए इस्तेमाल होने वाले लिफाफों की बिक्री में चार गुना तेजी देखने को मिली।

ऑनलाइन ब्रांड्स की बिक्री 81% बढ़ी

दीपावली पर लोगों ने सिर्फ छोटी-मोटी चीजों पर ही खर्च नहीं किया,बल्कि महंगे घरेलू सामान की खरीदारी भी बढ़ी। ऑनलाइन ब्रांड्स को ई-कॉमर्स सेवाएं देने वाली कंपनी गोक्विक के मुताबिक दीपावली से पहले 16 दिनों के दौरान उसके नेटवर्क पर कुल 1,328 करोड़ रुपये की बिक्री हुई।
यह पिछले साल की समान अवधि के करीब 732 करोड़ रुपये के मुकाबले 81 फीसदी ज्यादा है। हालांकि पिछले साल के आंकड़े 15 दिनों के थे।गोक्विक के नेटवर्क पर रोजाना की औसत बिक्री भी करीब 70 फीसदी बढ़कर 83 करोड़ रुपये पहुंच गई। इस दौरान नेटवर्क पर एक्टिव ब्रांड्स की संख्या भी करीब 60 फीसदी बढ़ी।घर और किचन से जुड़े प्रोडक्ट्स की बिक्री में भी अच्छी तेजी रही।दीपावली से पहले कुल बिक्री में इनकी हिस्सेदारी 9.3 फीसदी रही,जो सितंबर 2026 में 7 फीसदी थी।घरेलू अप्लायंसेज की बिक्री सितंबर के मुकाबले 2.13 गुना हो गई,जबकि किचन और डाइनिंग से जुड़े सामान की बिक्री 73 फीसदी बढ़ी।

दीपावली पर गिफ्ट का कारोबार भी चमका

दीपावली के दौरान गिफ्ट देने का चलन भी बढ़ता दिखा। ऑनलाइन गिफ्टिंग प्लेटफॉर्म आईजीपी के मुताबिक कंपनी को इस दीपावली बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 40 फीसदी बढ़ोतरी की उम्मीद है।कंपनी ने बताया कि पर्सनल गिफ्ट के साथ-साथ कॉरपोरेट गिफ्ट की डिमांड भी अच्छी रही।आईजीपी ने त्योहार की तैयारी कई महीने पहले ही शुरू कर दी थी। इसके लिए कंपनी ने लोगों की पसंद, गिफ्टिंग के नए ट्रेंड और खास तौर पर तैयार किए जाने वाले पर्सनलाइज्ड गिफ्ट की डिमांड पर नजर रखी।कुल मिलाकर इस दीपावली ऑनलाइन शॉपिंग सिर्फ पूजा और सजावट के सामान तक सीमित नहीं रही। लोगों ने कपड़े, किचन का सामान, घरेलू अप्लायंसेज और गिफ्ट पर भी खूब खर्च किया।

More news