अक्टूबर में इक्विटी एम‌एफ निवेश 14% घटा,स्मॉलकैप फंड से निवेशकों ने खींचे हाथ,एस‌आईपी में भी सुस्ती
अक्टूबर में इक्विटी एम‌एफ निवेश 14% घटा,स्मॉलकैप फंड से निवेशकों ने खींचे हाथ,एस‌आईपी में भी सुस्ती

11 Nov 2026 |   30



 

न‌ई दिल्ली।अक्टूबर में इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश 14 फीसदी घटकर 32,993 करोड़ रुपये रह गया। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया का बुधवार को जारी मासिक आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान स्मॉलकैप फंड में निवेश में 29 फीसदी की गिरावट आई। अक्टूबर में लार्ज एंड मिडकैप फंड निवेशकों की पहली पसंद बनकर उभरे है। सितंबर में इक्विटी फंड में 38,306 करोड़ रुपये का निवेश आया था।

एस‌आईपी निवेश में भी आई सुस्ती

अक्टूबर में सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) के मौर्चे पर भी हल्की सुस्ती देखने को मिली।बीते महीने एसआईपी के जरिए म्यूचुअल फंड निवेश घटकर 32,160 करोड़ रुपये रह गया। सितंबर में यह 32,490 करोड़ रुपये और अगस्त में 32,297 करोड़ रुपये था।

स्मॉलकैप फंड में 29% की गिरावट

13 सब-कैटेगरीज में दूसरी सबसे ज्यादा रकम पाने वाले स्मॉलकैप फंड में अक्टूबर में निवेश 29 फीसदी घटकर 6,407 करोड़ रुपये रह गया। सितंबर में इन फंड्स में 9,038 करोड़ रुपये का निवेश आया था। वहीं, अक्टूबर में सबसे ज्यादा 8,484 करोड़ रुपये का निवेश लार्ज एंड मिडकैप फंड में हुआ।

फ्लेक्सीकैप फंड में 4,979 करोड़ रुपये का निवेश आया

फ्लेक्सीकैप फंड में 4,979 करोड़ रुपये का निवेश आया,जो तीसरा सबसे ज्यादा था।इसके बाद मिडकैप फंड में 4,892 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। वहीं डिविडेंड यील्ड फंड और ईएलएसएस फंड से क्रमशः 92.82 करोड़ रुपये और 577 करोड़ रुपये की निकासी हुई।

लार्ज एंड मिडकैप फंड में निवेश 99% बढ़ा

मासिक आधार पर लार्ज एंड मिडकैप फंड में निवेश 99 फीसदी बढ़कर 8,484 करोड़ रुपये हो गया, जबकि सितंबर में यह 4,271 करोड़ रुपये था। इसके बाद लार्जकैप फंड में निवेश 20 फीसदी बढ़ा। वहीं, बाकी सभी कैटेगरीज में मासिक आधार पर निवेश में गिरावट दर्ज की गई।

More news