दिल्ली में मुनक नहर पर बन रहा 11 किमी का भव्य छठ घाट,भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे उद्घाटन
दिल्ली में मुनक नहर पर बन रहा 11 किमी का भव्य छठ घाट,भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे उद्घाटन

10 Nov 2026 |   27



 

नई दिल्ली।छठ महापर्व को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस बार बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 1400 से अधिक घाट तैयार किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि मुनक नहर के किनारे बाहरी रिंग रोड से इंद्रलोक तक 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट तैयार किया जा रहा है।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को जनसेवा सदन में छठ पूजा समितियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

भाजपा अध्यक्ष करेंगे घाट का उद्घाटन

मुनक नहर पर तैयार हो रहे इस घाट का उद्घाटन 12 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे।सिंगलपुर गांव के निकट आयोजित कार्यक्रम में इसका उद्घाटन होगा। घाट के दोनों ओर सीढ़ियां और सीमेंट की सड़क बनाई जा रही है,जिससे श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान आवागमन में परेशानी न हो। इससे आसपास की कई विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को सुविधा मिलेगी।

दिल्ली में बनाए जाएंगे 1400 घाट

राजधानी दिल्ली में पिछले वर्ष 1326 घाटों पर छठ पूजा हुई थी, जबकि इस बार इनकी संख्या बढ़ाकर 1400 से अधिक की जा रही है। छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। छठ पूजा से दो दिन पहले सभी प्रमुख तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। नवंबर में ठंड को देखते हुए बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर कवर वाले टेंट लगाए जाएंगे।

महिलाओं के लिए बनाया जाएगा चेंजिंग रूम

महिलाओं की सुविधा के लिए घाटों पर चेंजिंग रूम और शौचालय बनाए जाएंगे।प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। वहीं 15 और 16 नवंबर को श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को देखते हुए सफाई कर्मचारियों की अतिरिक्त टीमें 24 घंटे तैनात रहेंगी।

More news