रोजगार पर अच्छी खबर:बेरोजगारी दर 5% से नीचे, कामकाजी महिलाओं की बढ़ी संख्या; PLFS रिपोर्ट में कई बड़े संकेत
रोजगार पर अच्छी खबर:बेरोजगारी दर 5% से नीचे, कामकाजी महिलाओं की बढ़ी संख्या; PLFS रिपोर्ट में कई बड़े संकेत

17 Nov 2026 |   35



 

नई दिल्ली।देश में बेरोजगारी दर घटकर 4.9 फीसदी पर आ गई है।साथ ही काम करने वाले या काम की तलाश कर रहे लोगों की भागीदारी में ग्रोथ हुई है।महिलाओं की भागीदारी में भी सुधार हुआ है।खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने अक्टूबर 2026 के लिए पीरियोडिक लेबर फोर्स सर्वे जारी किया है।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी की स्थिति

ये रिपोर्ट देश में रोजगार की स्थिति को लेकर कुछ सकारात्मक संकेत देती है।रिपोर्ट के मुताबिक 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के बीच बेरोजगारी दर घटकर 4.9 फीसदी हो गई है,जबकि अक्टूबर 2025 में यह 5.2 फीसदी थी।अक्टूबर में ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर 4.2 फीसदी थी, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 6.7 फीसदी रही।एक साल पहले ये आंकड़े 4.4 फीसदी और 7 फीसदी थे।ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बेरोजगारी दर में कमी आई है,लेकिन शहरों में पिछले साल की तुलना में ये गिरावट थोड़ी अधिक रही। दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में श्रम बल भागीदारी और रोजगार पाने वाले लोगों के अनुपात में अधिक सुधार देखा गया है।

महिलाओं की भागीदारी 35% तक पहुंची

अक्टूबर में महिलाओं के बीच श्रम बल भागीदारी दर बढ़कर 35 फीसदी हो गई,जबकि एक साल पहले यह 34.2 फीसदी थी।ग्रामीण महिलाओं के बीच LFPR 39.5 फीसदी रहा, जबकि शहरी महिलाओं के बीच ये 25.9 फीसदी था। LFPR उन लोगों के प्रतिशत को दर्शाता है,जिनकी उम्र 15 वर्ष या उससे अधिक है और जो या तो काम कर रहे हैं या काम की तलाश में हैं।इसलिए इस दर में वृद्धि का मतलब ये नहीं है कि हर किसी को नई नौकरी मिल गई है।

महिलाओं के बीच बेरोजगारी दर में भी आई कमी

ग्रामीण महिलाओं के बीच बेरोजगारी दर 3.8 फीसदी रही, ये 2026 में दर्ज किया गया सबसे निचला स्तर है।पिछले एक साल में शहरी महिलाओं के बीच भी बेरोजगारी दर 9.7 फीसदी से घटकर 8.7 फीसदी हो गई है।

PLFS के नए आंकड़े

लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट - श्रम बल भागीदारी दर: 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की उस आबादी का प्रतिशत, जो या तो काम कर रही है या काम की तलाश कर रही है।

वर्कर पॉपुलेशन रेशियो - श्रमिक जनसंख्या अनुपात: 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की उस आबादी का प्रतिशत, जो रोजगार (काम कर रहे लोगों) में है।

अनएम्प्लॉयमेंट रेट - बेरोजगारी दर: कुल श्रम बल के मुकाबले उन लोगों का प्रतिशत,जो काम की तलाश तो कर रहे हैं,लेकिन उन्हें रोजगार नहीं मिल पा रहा है।

ये आंकड़े क्या दर्शाते हैं

बेरोजगारी दर में कमी,महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और WPR (कार्य भागीदारी दर) में सुधार, रोजगार बाजार के लिए पॉजिटिव संकेत हैं।हालांकि रोजगार की पूरी तस्वीर को समझने के लिए, नौकरियों की गुणवत्ता, वेतन और रोजगार की स्थिरता पर ध्यान देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

More news