अमेरिका और वेनेजुएला के बीच हुआ दुनिया का सबसे बड़ा तेल सौदा
अमेरिका और वेनेजुएला के बीच हुआ दुनिया का सबसे बड़ा तेल सौदा

29 Aug 2026 |   24



 

नई दिल्ली। विश्व के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के साथ एक बड़े तेल समझौते का ऐलान किया है।ट्रंप ने इसे दुनिया के इतिहास का सबसे बड़ा तेल सौदा बताया है।इस समझौते के तहत अमेरिका को वेनेजुएला के 65 अरब बैरल से ज्यादा प्रमाणित कच्चे तेल के भंडार पर बहुमत नियंत्रण मिलने की बात कही गई है।

ट्रंप ने क्या कहा

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पोस्ट में कहा कि यह समझौता उनके निर्देश पर तैयार किया गया।इसमें विदेश मंत्री मार्को रुबियो और युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ ने काम किया।इस प्रक्रिया में वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज और निजी क्षेत्र के साझेदार भी शामिल रहे।ट्रंप ने कहा कि यह समझौता अमेरिका के तेल भंडार को दोगुने से ज्यादा कर देगा।इससे अमेरिका को कच्चे तेल की ज्यादा सप्लाई मिलेगी और लंबे समय में अमेरिकी लोगों के लिए पेट्रोल की कीमतें कम होने में मदद मिल सकती है।

वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था को भी फायदा

ट्रंप ने कहा कि इस समझौते से वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था को दोबारा खड़ा करने में मदद मिलेगी।साथ ही वॉशिंगटन और कराकास के बीच संबंध भी मजबूत होंगे।बता दें कि यह ऐलान ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका पिछले कई महीनों से वेनेजुएला पर दबाव बढ़ा रहा है।इसमें प्रतिबंधों को लागू करना और वेनेजुएला के तेल निर्यात पर अमेरिकी निगरानी बढ़ाना शामिल है।अमेरिका का कहना है कि उसके कदम वेनेजुएला के ऊर्जा क्षेत्र में ज्यादा स्थिरता लाने के लिए हैं।

अमेरिका के तेल भंडार पर दबाव

यह समझौता ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका में ईंधन की सप्लाई और ऊर्जा कीमतों को लेकर दबाव बना हुआ है।ईरान में जारी युद्ध के बीच अमेरिका के स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व में भी गिरावट आई है।अगस्त की शुरुआत में अमेरिका का रणनीतिक तेल भंडार 30 करोड़ बैरल से नीचे चला गया था। जनवरी 2026 की तुलना में इसमें 10 करोड़ बैरल से ज्यादा की कमी बताई गई।वेनेजुएला के बड़े तेल भंडार तक अमेरिका की पहुंच बढ़ने से उसे तेल की एक अतिरिक्त सप्लाई मिल सकती है।हालांकि अमेरिकी पेट्रोल की कीमतों पर इसका असर उत्पादन,रिफाइनिंग क्षमता,तेल की ढुलाई और वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों जैसे कई कारकों पर निर्भर करेगा।

वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार

अमेरिकी एनर्जी इंफॉर्मेशन एडमिनिस्ट्रेशन के मुताबिक वेनेजुएला के पास लगभग 303 अरब बैरल कच्चे तेल का भंडार होने का अनुमान है।यह दुनिया के कुल तेल भंडार का करीब 17 प्रतिशत है।

अमेरिका वेनेजुएला संबंधों में बड़ा बदलाव

यह समझौता अमेरिका और वेनेजुएला के बीच रिश्तों में बड़े बदलाव के बीच सामने आया है। लगभग नौ महीने पहले डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला में एक अभियान चलाया था।इसमें पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ा गया था और उन्हें मादक पदार्थों की तस्करी तथा नार्कोटेररिज्म के आरोपों का सामना करने के लिए अमेरिका ले जाया गया था।

More news