केंद्र सरकार के परिसीमन बिल पर कांग्रेस का हमला,संविधान की हत्या कर रही है भाजपा
केंद्र सरकार के परिसीमन बिल पर कांग्रेस का हमला,संविधान की हत्या कर रही है भाजपा

27 Nov 2026 |   23



 

लखनऊ।कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि भारतीय जनता पार्टी और मोदी सरकार जबसे सत्ता में आई है,वह संविधान से इस तरह नफरत करती है कि हर दिन उसे रौंदकर अपनी अराजक, अनैतिक और अप्रजातांत्रिक सोच का विधान लिख रही है। सत्ता में आते ही उसने अपने कैबिनेट के फैसलों से उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस की चुनी हुई सरकारें गिराईं।

राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि मणिपुर व गोवा में बहुमत न होते हुए भी सरकारें बना लीं। विधायकों की खरीद-फरोख्त करके कर्नाटक और मध्य प्रदेश में सरकारें गिराईं,महाराष्ट्र में पूरी की पूरी पार्टियां तोड़ लीं,विधायक चुराए,सांसद चुराए,वोट चुराए और अब सदन में बहुमत खरीदने का घृणित खेल खेला जा रहा है।गौतम ने कहा कि जिस राजनीतिक दल का कोई नाम तक नहीं जानता था,उसमें टीएमसी के 20 सांसद तोड़कर रातों-रात शामिल करा दिए गए। जब 400 पार के नारे के बावजूद संविधान बदलने का बहुमत नहीं मिला तो भाजपा अब दूसरे रास्तों से संविधान पर हमला कर रही है। आंबेडकर की जयंती से लेकर संविधान दिवस तक यह सरकार भारत के संविधान की आत्मा को रौंद रही है।

कांग्रेस नेताओं का क्या कहना है 

14 अप्रैल 2026 (बाबा साहब की जयंती): संशोधन बिल सार्वजनिक किए गए।
16 अप्रैल 2026: कानून पास होने के करीब 31 महीने बाद उसकी अधिसूचना जारी हुई. उसी दिन 131वां संविधान संशोधन बिल पेश हुआ।
131वें संशोधन में: परिसीमन 2011 की जनगणना के आधार पर होना था और लोकसभा की अधिकतम सीमा 850 सीटें की जानी थीं,इस तरह जातिगत जनगणना को किनारे कर ओबीसी महिलाओं के हक का रास्ता बंद किया गया।
17 अप्रैल 2026ः देश ने नकारा
352 वोट चाहिए थे, 298 मिले, यानी 54 कम. विरोध में 230 वोट पड़े।सरकार को परिसीमन बिल वापस लेना पड़ा।

भाजपा पर आरोप

चुनी हुईं सरकारें गिराईं:अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड (2016) में सुप्रीम कोर्ट को सरकारें बहाल करनी पड़ीं,
गोवा और मणिपुर (मार्च 2017) में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी थी फिर भी सरकार भाजपा ने बनाई।
विधायकों की खरीद-फरोख्तः कर्नाटक (जुलाई 2019), मध्य प्रदेश (मार्च 2020) और गोवा (2019 में कांग्रेस के 10 विधायक, 2022 में 8)।
पूरी पार्टियां तोड़ींः महाराष्ट्र में शिवसेना (जून 2022) और एनसीपी (जुलाई 2023)।
संसद पर तालाः मानसून सत्र खत्म होने के बाद 105 दिन तक सत्रावसान नहीं किया गया और इस दौरान बहुमत जुटाने का खेल चलता रहा।
14 जून 2026ः टीएमसी के 28 में से 20 सांसदों का त्रिपुरा की एक अनजान पार्टी एनसीपीआई (नेशनलिस्ट सिटिज़न्स पार्टी ऑफ इंडिया) में विलय कराया गया।

संविधान दिवस पर घृणित खेल

26 नवंबर 2026ः जिस दिन भारत ने आंबेडकर का संविधान अंगीकार और आत्मार्पित किया था, उसी दिन 30 नवंबर (लोकसभा) और दो दिसंबर (राज्यसभा) से विशेष सत्र की घोषणा की गई।
एनडीए के पास लगभग 319 सांसद हैं, जबकि संविधान संशोधन के लिए करीब 360 की ज़रूरत है।

कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से महिला आरक्षण के खिलाफ रही है

कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से महिला आरक्षण के खिलाफ रही है।मई 1989 में राजीव गांधी पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने वाला 64वां संविधान संशोधन बिल लाए।लोकसभा ने इसे पास किया।अक्टूबर 1989 में राज्यसभा में बिल 5 वोट से गिरा।भाजपा ने इसके विरोध में वोट दिया। मोना ने कहा कि 1992-93 में नरसिम्हा राव ने 73वें और 74वें संशोधन से पंचायतों और नगर निकायों में महिला आरक्षण लागू कराया। 9 मार्च 2010 में यूपीए सरकार ने महिला आरक्षण बिल (108वां संशोधन) राज्यसभा से 185-1 से पास कराया।योगी आदित्यनाथ (तब गोरखपुर सांसद)ने बिल का खुला विरोध किया और पार्टी व्हिप मानने से इनकार किया।भाजपा के कई और सांसदों ने भी विरोध किया,उन्होंने कहा था कि यह बिल भारतीय राजनीतिक व्यवस्था को डुबो देगा,उनकी मांग थी कि पहले यह मूल्यांकन हो कि पंचायतों और स्थानीय निकायों में मिले आरक्षण से घर-परिवार पर, यानी महिलाओं की मां और पत्नी वाली भूमिका पर, कितना असर पड़ा। मोना ने कहा कि 2023 में बिल लाए पर 2034 तक के लिए टाल दिया। 19 सितंबर 2023 को नए संसद भवन के पहले दिन नारी शक्ति वंदन अधिनियम (128वां संशोधन बिल) पेश हुआ। 20-21 सितंबर 2023 को लोकसभा में 454-2 और राज्यसभा में 214-0 से पास हुआ,कांग्रेस ने पूरा समर्थन दिया।आरक्षण को नई जनगणना और उसके बाद परिसीमन की शर्त से बांध दिया गया, जिससे यह 2034 से पहले लागू नहीं हो पाता।

More news