आजम खान के हैदराबादी बिरयानी तंज के बाद एआईएमआईएम ने यूपी में दी हैदराबादी बिरयानी की दावत,इटावा से बरेली तक बंटी बिरयानी
आजम खान के हैदराबादी बिरयानी तंज के बाद एआईएमआईएम ने यूपी में दी हैदराबादी बिरयानी की दावत,इटावा से बरेली तक बंटी बिरयानी

25 Nov 2026 |   16



 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में 2027 में होने विधानसभा चुनाव से पहले सूबे में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।इन्हीं बयानों का सहारा लेकर पार्टियां वोटरों को लुभाने में जुटी हुईं हैं।बीते दिनों समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान द्वारा असदुद्दीन ओवैसी पर किए गए हैदराबादी बिरयानी‌ वाले तंज को अब ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम)ने लपक लिया है।

बता दें कि एआईएमआईएम ने इस राजनीतिक बयान को अवसर में बदलते हुए इटावा से बरेली तक बिरयानी वितरण कार्यक्रम किए।जहां बड़ी संख्या में लोग जुटे और बिरयानी का स्वाद चखा।साथ ही एआईएमआईएम का चुनावी संदेश भी ले गए। ये साफ तौर नज़र आ रहा है कि खाने की पसंद को लेकर शुरू हुई ये बहस राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल रही है।

बरेली में सजी हैदराबादी बिरयानी की दावत

बरेली एआईएमआईएम के यूपी महासचिव नदीम कुरैशी ने मंगलवार रात अपने कार्यालय में हैदराबादी बिरयानी परोसने का आयोजन किया,इसमें पार्टी पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हिस्सा लिया।नदीम ने बुधवार को पीटीआई-भाषा से कहा,राज्य के लोगों को हैदराबादी बिरयानी पसंद आने लगी है और आने वाले दिनों में इसकी लोकप्रियता और बढ़ेगी।आजम खान की टिप्पणी के कुछ दिन बाद ही हैदराबादी बिरयानी के आयोजन और वितरण कार्यक्रम शुरू हो गए थे,इसके बाद पार्टी की विभिन्न इकाइयों ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए।

2027 चुनाव तक जारी रहेगी बिरयानी की दावत

नदीम कुरैशी ने कहा कि रामपुर,हाथरस,बहराइच,इटावा और संभल समेत कई जिलों में ऐसे आयोजन और बिरयानी वितरण कार्यक्रम किए जा चुके हैं। नदीम ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव तक पूरे उत्तर प्रदेश में हैदराबादी बिरयानी के आयोजन और वितरण का सिलसिला जारी रहेगा।इटावा में पार्टी की जिला इकाई ने मुस्लिम बहुल नई बस्ती इलाके में बिरयानी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम स्थल पर ओवैसी की तस्वीर वाला एक पोस्टर भी लगाया गया था।जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन ने कहा कि यह कार्यक्रम आजम खान की टिप्पणी के जवाब में आयोजित किया गया था।हुसैन ने दावा किया कि अब 85 प्रतिशत से अधिक मुसलमान ओवैसी का समर्थन करते हैं’ और 2027 के चुनाव में एआईएमआईएम को उनका समर्थन मिलेगा।

यूपी में राजनीतिक जमीन तलाश रही है एआईएमआईएम

बिरयानी से जुड़े अभियान ने उत्तर प्रदेश में उभरते राजनीतिक मुकाबले को एक दिलचस्प आयाम दिया है। एआईएमआईएम हैदराबाद में अपने पारंपरिक जनाधार से आगे बढ़कर उत्तर प्रदेश में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रही है। ओवैसी अपने गठबंधन को भारतीय जनता पार्टी के विकल्प के रूप में पेश कर रहे हैं। साथ ही ओवैसी सपा और कांग्रेस पर मुसलमानों का पर्याप्त प्रतिनिधित्व करने में विफल रहने का आरोप लगा रहे हैं।

ये था आजम खान का पूरा बयान

सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान ने रामपुर में ओवैसी के बारे में पूछे जाने पर मीडिया से कहा था,यहां के लोगों को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं है,यहां के लोगों को पुलाव और मटन बिरयानी पसंद है। बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए ओवैसी ने सांसद चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले गठबंधन किया है।

More news