यूपी में भाजपा ने इस नेता से छीनी जिलाध्यक्ष की कुर्सी,पार्टी से किया बाहर,महिला के साथ वायरल हुआ था वीडियो
यूपी में भाजपा ने इस नेता से छीनी जिलाध्यक्ष की कुर्सी,पार्टी से किया बाहर,महिला के साथ वायरल हुआ था वीडियो

11 Jun 2025 |   42



 

गोंडा। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने ने बड़ा एक्शन लेते हुए गोंडा के जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।पिछले दिनों पार्टी दफ्तर में अमर किशोर कश्यप का एक महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ था।वायरल वीडियो लेकर काफी बवाल मचा था।नोटिस के बाद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कश्यप के खिलाफ एक्शन हुआ है।प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने निष्कासन से जुड़ा पत्र जारी किया है।

आपको बता दें कि अमर किशोर कश्यप पर यह कार्रवाई यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के निर्देश पर की गई है। पार्टी की ओर से जारी निष्कासन लेटर में लिखा है कि आपको कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था कि आप अपना स्पष्टीकरण प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराएं,लेकिन आपके द्वारा भेजा गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं है,आपका कृत्य घोर अनुशासनहीनता की परिधि में आता है।अतः काफी विचार-विमर्श के बाद प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर आपको तत्काल पार्टी से निष्कासित किया जाता है।

गौरतलब है कि बीते माह म‌ई में अमर किशोर कश्यप उर्फ बमबम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।इस वीडियो में कश्यप पार्टी दफ्तर में एक महिला कार्यकर्ता के साथ आपत्तिजनक हालत में देखे गए।वीडियो 12 मई का बताया गया,जो पार्टी दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था।इस वीडियो के वायरल होते ही भाजपा नेता की हरकत जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक चर्चा का विषय बन गई। 

वीडियो सामने आने पर अमर किशोर कश्यप ने सफाई दी थी कि उन्होंने सिर्फ महिला को सहारा दिया था,क्योंकि उसे चक्कर आ रहा था।कश्यप ने कहा था कि वीडियो में वह एक महिला कार्यकर्ता के साथ हैं। महिला कार्यकर्ता को चक्कर आ गया था और उन्होंने सिर्फ उसकी मदद की थी। महिला कार्यकर्ता ने भी सामने आकर स्वीकार किया था कि जिलाध्यक्ष ने उसकी मदद की।
 
इस मामले में वीडियो वायरल करके छवि धूमिल करने के आरोप में महिला ने मुकदमा भी दर्ज कराया है।वहीं वायरल वीडियो के मामले में भाजपा के प्रांतीय नेतृत्व ने जिलाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। घटना के बाद जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ने लखनऊ पहुंचकर पार्टी नेताओं से मुलाकात की थी। इसके बाद मांगे गए स्पष्टीकरण का जवाब भी दिया था,लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर भाजपा ने अब यह बड़ा एक्शन लिया है।

कार्रवाई के बाद निष्कासित किए गए भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप खुद कैमरे के सामने आए।कश्यप ने कहा कि हमने पहले ही कहा था कि पार्टी का जो भी निर्णय होगा वह हमें मान्य होगा,पार्टी ने एकपक्षीय कार्रवाई की है। पार्टी को इसकी जांच करानी चाहिए।फुटेज जारी करने वालों पर कार्रवाई करना चाहिए।कश्यप ने कुछ नेताओं का नाम लेते हुए सीसीटीवी फुटेज वायरल करने का आरोप लगाते हुए इन लोगों को भी निष्कासित करने की मांग की है।

More news