बरेली।झुमका गिरने वाले बरेली को एक और वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिली है।शाहजहांपुर होकर गुजरने वाली लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को काशी से वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। इसके बाद वंदे भारत मातरम लखनऊ के चारबाग स्टेशन से रवाना कर दी गई। लगभग एक घंटा देरी से बरेली जंक्शन पर पहुंची वंदे भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत किया गया। जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर पांच मिनट के ठहराव के बाद सांसद छत्रपाल गंगवार,राज्य मंत्री डॉक्टर अरुण कुमार, मेयर उमेश गौतम,विधायक डॉक्टर राघवेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल,एमएलसी महाराज सिंह और बहोरन लाल ने हरी झंडी दिखाकर यहां से वंदे भारत को रवाना किया।बता दें कि लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस बरेली होते हुए गुजरने वाली तीसरी सेमी हाईस्पीड ट्रेन है।
बरेली जंक्शन पर लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के पहुंचने का समय 11:13 बजे था,लेकिन लगभग एक घंटा देरी से दोपहर 12:15 बजे पहुंची।पांच मिनट ठहराव के बाद 12:20 बजे सहारनपुर के लिए रवाना हो गई।बरेली से वंदे भारत में 87 यात्री सवार हुए।इन यात्रियों को मुफ्त यात्रा पास दिए गए।लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का अभी नियमित संचालन की तारीख़ और किराया तय नहीं है। सहारनपुर-लखनऊ वंदे भारत बरेली होते हुए गुजरने वाली तीसरी सेमी हाईस्पीड ट्रेन है। इसका संचालन सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह किया जाएगा।
लखनऊ से चलकर सहारनपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का शनिवार को पहली बार शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव हुआ। इस बीच जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर यहां से ट्रेन को रवाना किया। यहां से बड़ी संख्या में यात्री सवार हुए। वंदे भारत आने पर भारत माता की जय के नारे भी लगाए गए। लगभग एक घंटा देरी से आई वंदे भारत को देखने के लिए लोगों में काफी उत्साह रहा।सुबह नौ बजे से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। लगभग साढे़ 11 बजे शाहजहांपुर पहुंचे वंदे भारत एक्सप्रेस को तिलहर से विधायक सलोना कुशवाहा, एमएलसी सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, महापौर अर्चना वर्मा, सहकारी बैंक के चेयरमैन डीपीएस राठौर, पूर्व विधायक शकुंतला देवी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शाहजहांपुर में दो मिनट के ठहराव के दौरान यहां से वीडीएफ कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों समेत गणमान्य लोग सवार हुए। इस दौरान डीआरएम संग्रह मौर्या, सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता समेत रेलवे के मंडलीय अधिकारी आदि मौजूद रहे।