सीएम योगी ने शिवपाल के बयान पर ली चुटकी,कहा-चच्चू का प्रभाव भी आप पर आ गया है 
सीएम योगी ने शिवपाल के बयान पर ली चुटकी,कहा-चच्चू का प्रभाव भी आप पर आ गया है 

20 Feb 2026 |   21



ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी 

लखनऊ।यूपी बजट सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को विधानसभा में बोल रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेता विपक्ष माता प्रसाद पांडेय को धन्यवाद दिया और उनके सरल स्वभाव की भी तारीफ की।शिवपाल यादव द्वारा दिए गए बयान पर सीएम योगी ने माता प्रसाद पांडेय पर चुटकी ली। सीएम ने कहा,आप तो पुराने समाजवादी हैं,आप समाजवादी आंदोलन के सबसे वरिष्ठ स्तम्भों की अंतिम वो पीढ़ी हैं,जिसने समाजवादी आंदोलन के अनुसार जीवन जीने का प्रयास किया है,जो और लोहिया चाहते थे।हां आपके पीछे शिवपाल यादव जैसे कुछ लठैत भी थे,जो उसके अनुसार जीने का प्रयास करते थे।नेता प्रतिपक्ष उम्र के हिसाब से आंकड़ों में घालमेल नहीं करेंगे। कभी-कभी संगत का प्रभाव होता है।चच्चू का प्रभाव आप पर आ गया है। 

शिवपाल का श्राप माता प्रसाद जी को न लगे,ये मेरी कामना है 

सीएम योगी ने कहा कि शिवपाल का श्राप माता प्रसाद जी को न लगे,ये मेरी कामना है।सीएम ने कवि दिनकर की एक कविता भी सुनाई।कहा-मूल जानना बड़ा कठिन है नदियों का, वीरों का,धनुष छोड़ कर और गोत्र क्या होता रणधीरों का, पाते हैं सम्मान तपोबल से भूतल पर शूर,जाति-जाति का शोर मचाते केवल कायर, क्रूर।

रोजगार मिलता है तो विकास होता है

विधानसभा में विपक्ष पर बरसते हुए सीएम योगी ने कहा, रोजगार मिलता है तो विकास होता है। 2017 से पहले सपा के भय के चलते यूपी में कोई निवेश करने को तैयार नहीं था,यूपी में पहले डर का माहौल था,सपा दलित बच्चों के बारे में नहीं सोचती थी,विपक्ष जाति के आधार पर समाज को बांटते रहे।सीएम ने कहा कि हमने जाति के आधार पर नहीं सोचा,जिसका नतीजा ये है कि आज यूपी में सबकुछ है। 

सरकार कर्ज के अनुपात को घटाकर 27% से घटाकर 23% तक लाने का लक्ष्य लेकर चल रही है 

सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश सरकार कर्ज के अनुपात को घटाकर 27 प्रतिशत से 23 प्रतिशत तक लाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।राज्य की आय में बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 में सरकारी आय लगभग 43 हजार करोड़ रुपये थी,जो अब बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। सीएम ने कहा कि भारत तभी विकसित होगा,जब उसके राज्य विकसित होंगे और उत्तर प्रदेश इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

यूपी तीन शीर्ष राज्यों में शामिल

सीएम योगी ने दावा किया कि पहले उत्तर प्रदेश को देश के पिछड़े राज्यों में गिना जाता था,लेकिन अब प्रदेश देश के शीर्ष तीन राज्यों में शामिल है।सीएम ने लक्ष्य रखा कि वर्ष 2026-27 तक प्रदेश की जीडीपी 40 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचाई जाएगी।

सीएम ने विपक्ष पर साधा निशाना 

विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश की छवि इतनी खराब हो गई थी कि बाहर से आने वाले लोगों को होटल में कमरे तक नहीं मिलते थे,लेकिन आज उत्तर प्रदेश के लोगों को देशभर में सम्मान मिल रहा है।सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 में जब उनकी सरकार बनी, तब किसानों की कर्ज माफी की घोषणा के बावजूद कहीं से आर्थिक सहयोग नहीं मिल रहा था, क्योंकि प्रदेश की छवि खराब थी।सीएम ने कहा कि उस समय प्रदेश का खजाना खाली था,लेकिन सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर और सरकारी धन के लीकेज को रोककर वित्तीय स्थिति सुधारी। 

यूपी ने आरबीआई की गाइडलाइंस का पालन किया

सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश ने भारतीय रिजर्व बैंक की गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन किया है। वर्ष 2026 में प्रदेश का पूंजीगत व्यय (कैपिटल एक्सपेंडिचर) बढ़कर 1 लाख 77 हजार करोड़ रुपये हो गया है। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां कार्यरत हैं, जो रोजगार सृजन और आर्थिक विकास की मजबूत आधारशिला हैं।

More news