नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शिक्षण संस्थानों और प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है।सोमवार को एक बार फिर लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली।धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया।यह धमकी भरा ईमेल एक खालिस्तानी ग्रुप के नाम से भेजी गई है।
धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
बम से उड़ाने की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस,फायर ब्रिगेड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।लाल किला और
आईटीओ के पास स्थित सचिवालय में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। लाल किला परिसर को खाली कराया गया और अंदर-बाहर चेकिंग शुरू की गई।
लाल किला और सचिवालय में नहीं मिला कुछ
दिल्ली सचिवालय में मौजूद कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकलने के निर्देश दिए गए। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड भी जांच में जुट गए,लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।दिल्ली पुलिस के मुताबिक लाल किला और सचिवालय में तलाशी के दौरान कुछ नहीं मिला है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए खाली करा दिया गया है। ईमेल कहां से आया है, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है। साइबर सेल की टीमें जांच में जुट गई हैं और सुरक्षा एजेंसी भी जांच कर रही है। हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है।
ईमेल के सोर्स का लगाया जा रहा पता
दिल्ली पुलिस की टीम ने ईमेल के सोर्स का पता लगाने के लिए साइबर सेल को लगा दिया है। साइबर सेल की टीम पता लगाने में जुटी है कि इसके पहले इस ग्रुप ने कब-कब धमकी दी है। इस खालिस्तानी ग्रुप का कनेक्शन कहां से जुड़ा हुआ है?
अधिकारियों के मुताबिक
अधिकारियों के मुताबिक साइबर सेल को अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है।फिलहाल कहीं से भी संदिग्ध वस्तु की बरामदगी नहीं हुई है,लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं।
जांच में आया सामने
ईमेल के जरिए मिली इस सूचना के बाद पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस की टीम तुरंत स्कूल परिसरों में पहुंची और छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित निकालकर तलाशी अभियान चलाया, हालांकि वहां से भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पिछले कुछ दिनों में दिल्ली के कई शिक्षण संस्थानों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। जांच के बाद उन धमकियों को फर्जी करार दिया गया था।
बता दें कि सोमवार सुबह भी दिल्ली के दो प्रमुख स्कूल धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड स्थित एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।