दिल्ली में टी-20 वर्ल्ड कप का खास इंतजाम,DMRC ने बढ़ाई मेट्रो ट्रेनों की टाइमिंग
दिल्ली में टी-20 वर्ल्ड कप का खास इंतजाम,DMRC ने बढ़ाई मेट्रो ट्रेनों की टाइमिंग

11 Feb 2026 |   24



 

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर है।टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 12 फरवरी को अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोज शाह कोटला) में भारत बनाम नामीबिया का रोमांचक मैच होने वाला है।इस मैच के लिए दिल्ली मेट्रो ने भी यात्रियों को तोहफा दिया है।दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने एक्स पर जानकारी दी है कि यात्रियों के लिए ट्रेन सर्विस देर रात तक उपलब्ध रहेगी। डीएमआरसी का कहना है कि यह फैसला भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

देर रात तक चलेगी दिल्ली मेट्रो

DMRC ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल X पर जानकारी दी है कि 12 फरवरी को मेट्रो ट्रेन सर्विस रात काफी देर तक चालू रहेगी।सामान्य दिनों में मेट्रो की आखिरी ट्रेनें रात 11 से 11:30 बजे के आसपास चलती हैं,लेकिन मैच के दिन मेट्रो काफी लेट नाइट तक उपलब्ध रहेंगी,इससे मैच खत्म होने के बाद (जो रात 11 बजे के बाद खत्म हो सकता है) लाखों फैंस बिना किसी परेशानी के मेट्रो से घर जा सकेंगे।

सिर्फ एक दिन के लिए ही

आपको बता दें कि दिल्ली गेट (गेट नंबर 4 और 5) और ITO (गेट नंबर 3 और 4) अरुण जेटली स्टेडियम के सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन हैं।दिल्ली मेट्रो ने आखिरी मेट्रो की टाइमिंग में बदलाव सिर्फ एक दिन के लिए किया है। कल के बाद से फिर 13 फरवरी से आखिरी मेट्रो 11:00 से 11:30 के बीच ही मिलेगी।विश्व कप मैचों के कारण 10, 12, 13, 16, 18 फरवरी और एक मार्च को अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में एक एडवाइजरी भी जारी की है। पुलिस ने वाहन चालकों को व्यस्त समय के दौरान इन सड़कों पर न जाने की सलाह दी है।

मार्ग परिवर्तन और प्रतिबंध

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि आईटीओ चौक से दिल्ली गेट तक बहादुरशाह जफर मार्ग,तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक आसफ अली रोड और राजघाट से जेएलएन मार्ग तक के हिस्से पर आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन और प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। डीएमआरसी और दिल्ली पुलिस ने सलाह दी है कि यात्री ज्यादा से ज्यादा मेट्रो सर्विस का इस्तेमाल करें ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या खड़ी न हो। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, यातायात संकेतों और यातायात कर्मियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

बता दें कि मैच शाम 7 बजे शुरू होगा और अगर दोनों टीमें पूरे 20-20 ओवर खेलती हैं, तो यह रात 11 बजे के बाद खत्म हो सकता है,ऐसे में देर रात मेट्रो चलना क्रिकेट फैंस के लिए बहुत मददगार साबित होगा।

More news