दिल्ली में यमुना की लहरों पर सैर का सपना सच,पहुंचा पहला क्रूज,पर्यटन को मिलेगी नई संजीवनी,जानें कब से शुरू होगा परिचालन
दिल्ली में यमुना की लहरों पर सैर का सपना सच,पहुंचा पहला क्रूज,पर्यटन को मिलेगी नई संजीवनी,जानें कब से शुरू होगा परिचालन

06 Feb 2026 |   28



 

नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना की लहरों पर सैर का सपना सच हो गया है।लंबे इंतजार के बाद यमुना की लहरों पर चलने वाला पहला मल्टी-परपज लग्जरी क्रूज दिल्ली पहुंच गया है।सोनिया विहार घाट पर क्रूज को सुरक्षित उतार लिया गया है।अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो इसी महीने दिल्ली के लोग क्रूज की सवारी कर सकेंगे। रेखा गुप्ता सरकार और पर्यटन विभाग इस ऐतिहासिक शुरुआत के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।

बता दें कि क्रूज के दिल्ली पहुंचने के बाद अब उसके इंजन फिटिंग और अंतिम तकनीकी परीक्षण का काम चल रहा है। संभावना है कि इसी महीने के मध्य तक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस सेवा का औपचारिक उद्घाटन करेंगी।इसके तुरंत बाद इसे आम लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।यमुना क्रूज सेवा का मुख्य परिचालन उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार से जगतपुर (शनि मंदिर) के बीच होगा।यह क्रूज लगभग 5 से 7 किलोमीटर के दायरे में चलेगा।एक चक्कर लगभग 1 घंटे का होगा और एक बार में 30 से 40 यात्री इस सफर का आनंद ले सकेंगे।

वजीराबाद के अपस्ट्रीम में क्रूज का होगा परिचालन 

यमुना के साफ पानी वाले हिस्से यानी वजीराबाद के अपस्ट्रीम में इस क्रूज का परिचालन होगा।फिलहाल इसका रूट सोनिया विहार से जगतपुर के बीच तय किया गया है।लगभग 5-7 किलोमीटर के इस दायरे में सैलानियों को यमुना के प्राकृतिक नजारों के साथ-साथ दिल्ली के एक अलग स्वरूप के दर्शन होंगे।पर्यटन विभाग ने इसके लिए दो आधुनिक फ्लोटिंग जेट्टी का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा कर लिया है।

  क्रूज की ये है खासियत

मुंबई से सड़क मार्ग के जरिए लाए गए इस क्रूज को आधुनिक सुख-सुविधाओं से लैस किया गया है।यह क्रूज पूरी तरह प्रदूषण मुक्त है,इसमें जीरो डिस्चार्ज तकनीक का इस्तेमाल किया गया है,ताकि नदी के पानी को कोई नुकसान न हो।एक बार में इसमें लगभग 35 से 40 यात्री बैठ सकेंगे,इसका इंटीरियर किसी फाइव स्टार होटल जैसा है,जो पूरी तरह वातानुकूलित है‌।इसपर लाइफ गार्ड्स और लाइफ जैकेट की भी पुख्ता व्यवस्था है।साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए इसमें ऑटोमैटिक सेंसर भी लगे हैं।

पर्यटन को मिलेगी नई संजीवनी

पर्यटन विभाग का मानना है कि इस पहल से दिल्ली के राजस्व में बढ़ोतरी होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, हमारा उद्देश्य यमुना को लेकर लोगों का नजरिया बदलना है। जब लोग नदी के करीब आएंगे,तभी वे इसकी स्वच्छता को लेकर जागरूक होंगे। उद्घाटन के साथ ही पर्यटन विभाग एक समर्पित ऐप लॉन्च करेगा,जिसके जरिए यात्री अपनी सीट बुक कर सकेंगे,टिकट की दरें आम आदमी की जेब को ध्यान में रखकर तय की जा रही हैं।सप्ताह के अंत (वीकेंड) पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी योजना है, इसके अलावा प्रशासन अब सिग्नेचर ब्रिज के पास एक टूरिस्ट प्लाजा विकसित करने पर भी विचार कर रहा है, ताकि क्रूज से उतरने के बाद पर्यटक वहां खान-पान और हस्तशिल्प का आनंद ले सकें।

More news