दिल्ली में बढ़ते ट्रैफिक से राहत की तैयारी,यमुना पर सिग्नेचर ब्रिज,डीएनडी के बीच बन सकता है नया पुल
दिल्ली में बढ़ते ट्रैफिक से राहत की तैयारी,यमुना पर सिग्नेचर ब्रिज,डीएनडी के बीच बन सकता है नया पुल

03 Feb 2026 |   33



 

नई दिल्ली।देश की राजधानी दिल्ली में जबरदस्त ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहा है,इसे देखते हुए यमुनापार इलाके से मध्य दिल्ली की ओर आने जाने के लिए यमुना पर नया पुल बनाए जाने पर गंभीरता से विचार शुरू हो गया है।सिग्नेचर ब्रिज से लेकर डीएनडी के बीच यमुना पर कहीं पुल बनाया जा सकता है।

यमुनापार पर अभी दिल्ली क्षेत्र में सभी तरह के मिलाकर 25 पुल बने हुए हैं,जिसमें वाहनों के आने-जाने के लिए नौ पुल बने हैं।इसमें पुराना वजीराबाद,सिग्नेचर ब्रिज,युधिष्ठिर पुल, पुराना लोहा पुल,गीता कालोनी पुल,आइटीओ पुल, निजामुद्दीन पुल,डीएनडी और कालिंदी पुल शामिल हैं।इस साल जुलाई तक बारापुला फेज-तीन एलिवेटेड कारिडोर के रूप में एक अन्य पुल मिलने जा रहा है।

इस नए पुल को बनाने का प्रस्ताव यमुनापार विकास बोर्ड ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ हाल ही में हुई एक बैठक में रखा था। यह योजना अभी शुरुआती चरण में है और इस पर चर्चा चल रही है।सरकार यमुनापार इलाके में आवागमन बेहतर बनाने और उत्तर पूर्व,उत्तर और मध्य दिल्ली के बीच लिंक को बेहतर बनाने के लिए इस पर विचार कर रही है।

अधिकारियों के मुताबिक आरआरटीएस स्टेशनों और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के तैयार होने के साथ रिंग रोड पर खासकर सराय काले खां के पास ट्रैफिक जाम बढ़ने की संभावना है।दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे रिंग रोड पर सराय काले खां के पास खत्म होते हैं।जल्द ही दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का डीएनडी -सोहना (जेवर) लिंक भी खुलने वाला है। ऐसे में रिंग रोड पर भी यातायात का दबाव बढ़ रहा है।

सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सरकार नए पुल के प्रस्ताव की योजना बना रही है।जगह अभी तय नहीं हुई है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी पुराने वजीराबाद से कालिंदी कुंज तक के हिस्से का अध्ययन करेगा ताकि इसकी व्यवहार्यता, ट्रैफिक जाम और वाहनों की आवाजाही की जांच की जा सके।

More news